मैनपुर। क्षेत्र में शनिवार शाम एक बड़ी बाइक दुर्घटना में युवक घायल हो गया। घायल युवक की पहचान कार्तिक ध्रुव पिता देवी सिंह ध्रुव निवासी ग्राम सिहारलाटी (धुरवागुड़ी ) के रूप में हुई है।
कार्तिक ध्रुव अपनी एचएफ डीलक्स मोटरसाइकिल से जा रहे थे। इसी दौरान ग्राम बरदुला के पास उनकी बाइक दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसे में युवक को चोटें आईं और स्थानीय लोगों ने तत्काल इसकी सूचना डायल 112 को दी।
112 टीम ने दिखाई तत्परता
सूचना मिलते ही डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची और घायल युवक को प्राथमिक सहायता उपलब्ध कराई। इसके बाद आरक्षक नरेश कुमार निषाद तथा 112 वाहन चालक इंद्रजीत साहू ने तत्परता दिखाते हुए घायल को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मैनपुर पहुंचाया।
स्थानीय लोगों ने समय पर सहायता पहुंचाने के लिए 112 टीम की सराहना की है।
एक सप्ताह से बंद है 108 एम्बुलेंस सेवा
क्षेत्रवासियों का कहना है कि 108 संजीवनी एक्सप्रेस एम्बुलेंस सेवा पिछले लगभग एक सप्ताह से उपलब्ध नहीं है, जिससे पूरे मैनपुर विकासखंड के लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। 108 सेवा राज्य में आपातकालीन मरीजों को निःशुल्क अस्पताल पहुंचाने की महत्वपूर्ण व्यवस्था मानी जाती है।
ग्रामीणों का आरोप है कि दुर्घटना, गंभीर बीमारी और अन्य आपात स्थितियों में मरीजों को समय पर एम्बुलेंस सुविधा नहीं मिल पा रही है। ऐसे में लोगों को निजी वाहनों या अन्य वैकल्पिक साधनों पर निर्भर होना पड़ रहा है।
स्वास्थ्य सुविधाओं को लेकर उठे सवाल
लगातार सामने आ रही घटनाओं के बीच क्षेत्र के नागरिकों ने प्रशासन से 108 एम्बुलेंस सेवा को शीघ्र बहाल करने की मांग की है। उनका कहना है कि दूरस्थ एवं वनांचल क्षेत्रों में रहने वाले लोगों के लिए यह सेवा जीवनरक्षक साबित होती है और इसके बंद रहने से आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाएं प्रभावित हो रही हैं।
क्या कहते हैं जिम्मेदार
“ब्लॉक में 108 एंबुलेंस की एमटी (व्यवस्था/स्टाफ) की अनुपलब्धता के कारण यह आपातकालीन सुविधा सुचारू रूप से नहीं मिल पा रही है। इस समस्या के तत्काल निराकरण के लिए उच्च स्तर पर पत्राचार किया जा चुका है। जल्द ही सेवा बहाल होने की उम्मीद है।”
— डॉ. गजेंद्र ध्रुव, बीएमओ, मैनपुर




