अंबिकापुर से रायपुर जा रही थी रॉयल कंपनी की बस; 22 यात्री थे सवार, हादसे में 8 से 10 लोग घायल
बलौदाबाजार। छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार-भाटापारा जिले में सोमवार सुबह रायपुर-बिलासपुर नेशनल हाईवे पर भीषण सड़क हादसा हो गया। सिमगा थाना क्षेत्र के ग्राम दरचुरा के पास अंबिकापुर से रायपुर जा रही रॉयल कंपनी की यात्री बस सड़क पर खड़े ट्रक से पीछे से टकरा गई। हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि 8 से 10 यात्रियों के घायल होने की जानकारी सामने आई है। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बस का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और अंदर फंसे यात्रियों को निकालने के लिए गैस कटर की मदद लेनी पड़ी।
सुबह 5:30 बजे हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार, हादसा सोमवार 26 अक्टूबर को सुबह करीब 5:30 बजे इंडियन ऑयल पेट्रोल पंप के पास हुआ। रॉयल कंपनी की बस क्रमांक CG 04 NM 0859 अंबिकापुर से रायपुर की ओर जा रही थी। बस में कुल 22 यात्री सवार थे।
बताया गया कि नेशनल हाईवे पर एक ट्रक खराब होने के कारण खड़ा था। आने वाले वाहनों को सतर्क करने के लिए ट्रक के आसपास संकेतक लगाए गए थे। इसी दौरान यात्री बस ट्रक के पिछले हिस्से से टकरा गई। टक्कर के कारण बस में सवार यात्रियों को गंभीर चोटें आईं।
तीन लोगों की मौत, घायलों को अस्पताल पहुंचाया
हादसे में बस चालक भागीरथी यादव (37), निवासी जशपुर, हेल्पर पवन देवांगन (24) और यात्री समीम मोहम्मद (39), निवासी बलरामपुर की मौत हो गई। पुलिस ने मृतकों के शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए अस्पताल भेज दिया।
दुर्घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, एंबुलेंस और बचाव दल मौके पर पहुंचे। घायलों को बस से निकालकर शासकीय अस्पताल सिमगा पहुंचाया गया। गंभीर रूप से घायल यात्रियों को बेहतर इलाज के लिए रायपुर रेफर किए जाने की जानकारी भी सामने आई है। 
गैस कटर से काटकर निकाले गए यात्री
टक्कर के बाद बस की बॉडी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई थी। कुछ यात्री अंदर फंस गए थे, जिन्हें सामान्य तरीके से निकालना मुश्किल हो रहा था। बचाव दल ने गैस कटर और अन्य उपकरणों की मदद से बस की बॉडी काटकर यात्रियों को बाहर निकाला। इसके बाद घायलों को एंबुलेंस से अस्पताल भेजा गया।
पुलिस हादसे के कारणों की जांच में जुटी
सिमगा थाना प्रभारी परिवेश तिवारी के अनुसार, सड़क पर खड़े ट्रक के पीछे यात्री बस टकराने से यह दुर्घटना हुई। हादसे में तीन लोगों की मौत हुई है और कई यात्री घायल हुए हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
जांच में यह पता लगाया जाएगा कि बस चालक ट्रक को समय रहते क्यों नहीं देख पाया और सड़क पर खड़े खराब वाहन के आसपास सुरक्षा संकेतक पर्याप्त थे या नहीं।



