खुर्सीपार के डबरापारा में पुलिस की कार्रवाई; नकदी के स्रोत की जांच जारी, दो लोग हिरासत में
दुर्ग – भिलाई । छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में पुलिस ने एक पिकअप वाहन के गुप्त चेंबर से Z4 करोड़ रुपए नकद बरामद किए हैं। यह रकम रायपुर से नागपुर ले जाई जा रही थी। पुलिस ने वाहन में सवार दो लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। इतनी बड़ी रकम गुप्त चेंबर में छिपाकर ले जाने के कारण मामले में हवाला कारोबार से जुड़े होने की आशंका जताई जा रही है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
मामला खुर्सीपार थाना क्षेत्र के डबरापारा का है। पुलिस को 26 अक्टूबर की रात करीब 11 बजे सूचना मिली थी कि सफेद रंग की बोलेरो मैक्स पिकअप में बड़ी मात्रा में नकदी ले जाई जा रही है। सूचना के आधार पर पुलिस ने वाहन जांच के दौरान पिकअप क्रमांक CG 04 QU 5996 को रोककर तलाशी ली।
पिकअप के पिछले हिस्से में मिला गुप्त चेंबर
वाहन की जांच के दौरान पुलिस को उसका पिछला हिस्सा मॉडिफाई किया हुआ मिला। बाहर से देखने पर अंदर रखी सामग्री दिखाई नहीं दे रही थी। पुलिस ने बारीकी से तलाशी ली तो पिछले हिस्से में एक गुप्त चेंबर मिला। उसे खोलने पर भारतीय मुद्रा के बंडल बरामद हुए।
पुलिस के अनुसार, नकदी की गिनती करने पर कुल 4 करोड़ रुपए मिले। इसके बाद वाहन को जब्त कर मामले की जांच शुरू की गई।
चालक समेत दो लोग हिरासत में
पुलिस ने पिकअप में सवार दो लोगों की पहचान भवेशभाई जीनाभाई डाभी और विष्णुदेव दुबे के रूप में की है। डाभी वाहन चला रहा था। दोनों से बरामद नकदी के वास्तविक मालिक, उसके स्रोत और रायपुर से नागपुर ले जाने के उद्देश्य के संबंध में पूछताछ की जा रही है।
फिलहाल पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि रकम कहां से लाई गई थी और इसके परिवहन से संबंधित कोई वैध दस्तावेज मौजूद हैं या नहीं।
आयकर विभाग को दी जाएगी जानकारी

पुलिस वाहन के पिछले हिस्से में गुप्त चेंबर बनाने और उसमें नकदी छिपाकर ले जाने से जुड़े तथ्यों की भी जांच कर रही है। रकम के वित्तीय स्रोत का पता लगाने के लिए आयकर विभाग को जानकारी भेजने की तैयारी की जा रही है।
एएसपी शोभराज अग्रवाल के अनुसार, सूचना के आधार पर कार्रवाई की गई और वाहन के गुप्त चेंबर से 4 करोड़ रुपए नकद बरामद हुए हैं। हिरासत में लिए गए दोनों लोगों से पूछताछ जारी है। नकदी के स्रोत और उसके परिवहन के उद्देश्य का खुलासा जांच के बाद ही हो सकेगा।




