फेसबुक पोस्ट में ऋषि-मुनियों और हिंदू धर्मग्रंथों को लेकर की गई थीं कथित आपत्तिजनक टिप्पणियां; विश्व हिंदू परिषद के जिलाध्यक्ष की शिकायत पर पुलिस ने की कार्रवाई
जशपुर। छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में सोशल मीडिया पर कथित आपत्तिजनक धार्मिक पोस्ट को लेकर विवाद सामने आया है। हिंदू देवी-देवताओं, ऋषि-मुनियों और धर्मग्रंथों के संबंध में कथित विवादित टिप्पणी करने के आरोप में पुलिस ने एक शिक्षक को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान हेमंत कुमार बेदी (52) के रूप में हुई है। वह बगीचा विकासखंड के कूदमुरा स्थित मिडिल स्कूल में पदस्थ बताया गया है।
पुलिस के अनुसार, फेसबुक पर पोस्ट सामने आने के बाद हिंदू संगठन ने आपत्ति जताते हुए थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। मामले की जांच के दौरान पुलिस आरोपी को नोटिस देने उसके गांव पहुंची। आरोप है कि पुलिस टीम को देखकर शिक्षक ने भागने की कोशिश की, लेकिन टीम ने उसे पकड़ लिया। इसके बाद उसे गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
15 अक्टूबर की पोस्ट को लेकर दर्ज हुई शिकायत
पुलिस के मुताबिक, चराईडांड निवासी और विश्व हिंदू परिषद के जिलाध्यक्ष करनैल सिंह (54) ने 17 अक्टूबर 2026 को कुनकुरी थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायतकर्ता ने बताया कि उन्होंने 15 अक्टूबर को फेसबुक पर हेमंत बेदी नाम के अकाउंट से एक पोस्ट देखी थी।
शिकायत में आरोप लगाया गया कि पोस्ट में हिंदू धर्मग्रंथों, देवी-देवताओं और ऋषि-मुनियों को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणियां की गई थीं। शिकायतकर्ता के अनुसार, इस सामग्री से धार्मिक भावनाएं आहत हुईं और समाज में नाराजगी का माहौल बना। उन्होंने संबंधित व्यक्ति के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की थी।
पुलिस को देखकर भागने का आरोप
शिकायत के आधार पर कुनकुरी पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। जांच के दौरान आरोपी हेमंत बेदी के कांसाबेल क्षेत्र के ग्राम बिहावत का निवासी होने की जानकारी सामने आई।
पुलिस टीम भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 35(3) के तहत नोटिस देने के लिए आरोपी के पास पहुंची थी। इसी दौरान पुलिस के अनुसार, आरोपी ने टीम को देखकर भागने का प्रयास किया, लेकिन पुलिसकर्मियों ने उसे पकड़ लिया।
पुलिस का कहना है कि पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपनी गलती स्वीकार की। मामले में पोस्ट करने के लिए इस्तेमाल किए गए मोबाइल फोन को भी जब्त किया गया। पुलिस ने 17 अक्टूबर को आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया। प्रकरण में आगे की जांच जारी है।
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर कार्रवाई
पुलिस के अनुसार, यह कार्रवाई एसएसपी डॉ. लाल उमेद सिंह के निर्देश, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राकेश कुमार पाटनवार के मार्गदर्शन और कुनकुरी एसडीओपी राजेश कुमार साहू के पर्यवेक्षण में की गई। थाना प्रभारी निरीक्षक भूपेन्द्र कुमार चंद्रा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने शिकायतकर्ता और गवाहों के बयान दर्ज किए।
धार्मिक सौहार्द बिगाड़ने वालों पर होगी कार्रवाई: एसएसपी
एसएसपी डॉ. लाल उमेद सिंह ने कहा कि सोशल मीडिया पर धार्मिक भावनाओं को आहत करने वाली आपत्तिजनक सामग्री प्रसारित करना गंभीर विषय है। उन्होंने स्पष्ट किया कि धार्मिक सौहार्द बिगाड़ने या समाज में वैमनस्य फैलाने का प्रयास करने वालों के खिलाफ कानून के तहत कार्रवाई की जाएगी।




