घोटिया मोड़ के पास रायपुर-बलौदाबाजार मुख्य मार्ग पर हादसा; पुलिस टीम ने पूरी रात चलाया रेस्क्यू ऑपरेशन, गंभीर हालत में चालक रायपुर रेफर
पलारी। छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार जिले के पलारी थाना क्षेत्र में घोटिया मोड़ के पास आधी रात को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। लोहे के एंगल से लदा एक ट्रक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे गहरे खेत में जा घुसा। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ट्रक में रखे भारी लोहे के एंगल केबिन को चीरते हुए आगे तक पहुंच गए और चालक के दोनों पैर व कमर का हिस्सा स्टीयरिंग तथा लोहे के मलबे के बीच बुरी तरह फंस गया। चालक को बाहर निकालने के लिए पुलिस को करीब सात घंटे तक मशक्कत करनी पड़ी। गैस कटर की मदद से ट्रक का केबिन और लोहे की छड़ें काटकर चालक को बाहर निकाला गया। गंभीर रूप से घायल चालक को एंबुलेंस से रायपुर भेजा गया है।
अचानक ब्रेक लगने से हुआ हादसा
झारखंड के जमशेदपुर निवासी मेघनाथ महतो (32) रायपुर से भारी मात्रा में लोहे के एंगल लादकर बलौदाबाजार की ओर जा रहे थे। इसी दौरान घोटिया मोड़ के पास आगे चल रहे एक अज्ञात वाहन के चालक ने अचानक ब्रेक लगा दिया। इसके चलते पीछे चल रहा लोहे से भरा ट्रक अनियंत्रित हो गया और आगे चल रहे वाहन से टकराने के बाद सड़क किनारे गहरे खेत में उतर गया।
टक्कर के बाद ट्रक में लदे भारी लोहे के एंगल केबिन के अंदर घुस गए। चालक मेघनाथ महतो बुरी तरह फंस गए। उनकी स्थिति ऐसी थी कि उन्हें सामान्य तरीके से खींचकर बाहर निकालना संभव नहीं था।
गैस कटर से काटना पड़ा केबिन
हादसे की सूचना मिलने पर देर रात करीब 12 बजे प्रशिक्षु थाना प्रभारी रागिनी राय के नेतृत्व में पलारी पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। चालक को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए तत्काल स्थानीय मैकेनिकों और गैस कटर की व्यवस्था की गई।
पुलिस जवानों ने रातभर घटनास्थल पर डटे रहकर ट्रक की बॉडी और बीच में फंसे लोहे के एंगल को गैस कटर से काटने का काम किया। करीब सात घंटे तक चले इस चुनौतीपूर्ण रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद चालक को बाहर निकालने में सफलता मिली।
गंभीर हालत में रायपुर रेफर
रेस्क्यू के बाद घायल चालक को तत्काल एंबुलेंस की मदद से बेहतर उपचार के लिए रायपुर रवाना किया गया। उपलब्ध जानकारी के अनुसार, उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। इस हादसे में चालक की जान बचाने के लिए पुलिस टीम को लंबे समय तक कठिन परिस्थितियों में काम करना पड़ा।



