मैनपुर। नक्सल प्रभावित क्षेत्र से विकास की मुख्यधारा में तेजी से जुड़ रहे दूरस्थ पहाड़ी गांवों तक जनप्रतिनिधियों की पहुंच लगातार बढ़ रही है। इसी कड़ी में बिन्द्रानवागढ़ विधानसभा क्षेत्र के विधायक जनक राम ध्रुव मंगलवार को दुर्गम पहाड़ियों पर बसे विशेष पिछड़ी कमार जनजाति के गांव कंवरआमा, नारीपानी और तुहामेटा पहुंचे तथा ग्रामीणों की समस्याएं सुनकर उनके समाधान का भरोसा दिलाया।
इस दौरान विधायक जनक ध्रुव ने लगभग तीन किलोमीटर खड़ी पहाड़ी पगडंडियों को पैदल पार किया तथा करीब पांच किलोमीटर का सफर मोटरसाइकिल से तय कर गांवों तक पहुंचे। बताया जा रहा है कि आजादी के बाद इन दुर्गम पहाड़ी गांवों तक पहुंचने वाले वे पहले विधायक हैं। उनके गांव पहुंचने पर ग्रामीणों ने पारंपरिक तरीके से स्वागत किया तथा तीर-धनुष भेंट कर सम्मानित किया।
मलेरिया और बुखार से दो दर्जन से अधिक ग्रामीण प्रभावित
ग्रामीणों ने विधायक को बताया कि भीषण गर्मी के बीच गांव में पेयजल की गंभीर समस्या बनी हुई है। लोग लाल आयरनयुक्त नदी-नालों का पानी पीने को मजबूर हैं, जिसके कारण पिछले एक सप्ताह से दो दर्जन से अधिक बच्चे, बुजुर्ग और महिलाएं बुखार, मलेरिया, सर्दी और खांसी से पीड़ित हैं। ग्रामीणों ने यह भी बताया कि अब तक स्वास्थ्य विभाग की कोई टीम गांव नहीं पहुंची है।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए विधायक जनक ध्रुव ने नाराजगी व्यक्त की और मोबाइल नेटवर्क नहीं मिलने पर स्कूल भवन की छत पर चढ़कर जिला चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी को फोन लगाया। उन्होंने तत्काल गांव में स्वास्थ्य शिविर लगाने, मलेरिया जांच कराने और आवश्यक दवाइयों की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। विधायक ने कहा कि मैनपुर पहुंचते ही वे पूरे मामले से कलेक्टर को भी अवगत कराएंगे।
पेड़ के नीचे लगी चौपाल, सुनीं ग्रामीणों की समस्याएं
गांव में भगवान बिरसा मुंडा की पुण्यतिथि के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में शामिल होने के बाद विधायक ने पेड़ के नीचे चौपाल लगाकर ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं। ग्रामीणों ने बताया कि गांव तक पहुंचने के लिए आज भी पक्की सड़क नहीं है, जिसके कारण मरीजों को समय पर उपचार नहीं मिल पाता और हर वर्ष कई लोगों की असमय मृत्यु हो जाती है।
ग्रामीणों ने जनमन योजना के तहत सड़क निर्माण, बिजली सुविधा, जर्जर स्कूल भवन की मरम्मत, पुल-पुलिया निर्माण, आंगनबाड़ी भवन तथा अन्य बुनियादी सुविधाओं की मांग की। साथ ही बुजुर्गों ने बताया कि वृद्धावस्था पेंशन एवं अन्य शासकीय योजनाओं का लाभ लेने के लिए उन्हें कई किलोमीटर दूर मैनपुर तक पैदल जाना पड़ता है।
विकास कार्यों को मिलेगी गति
विधायक जनक ध्रुव ने ग्रामीणों को आश्वस्त किया कि क्षेत्र के नक्सल मुक्त होने के बाद सरकार की प्राथमिकता इन दूरस्थ गांवों तक विकास कार्य पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि सड़क, पेयजल, स्वास्थ्य, शिक्षा और संचार सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे तथा ग्रामीणों की सभी समस्याओं का प्राथमिकता से समाधान किया जाएगा।
ग्रामीणों ने विधायक के इस प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि पहली बार कोई जनप्रतिनिधि इतनी कठिन परिस्थितियों में गांव पहुंचकर उनकी समस्याएं सुन रहा है। इससे क्षेत्र के लोगों में विकास को लेकर नई उम्मीद जगी है।
इस अवसर पर ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष रामकृष्ण ध्रुव, युवा कांग्रेस अध्यक्ष सोहन नागेश, कमार समाज के प्रतिनिधि, स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे। वहीं सुरक्षा व्यवस्था के लिए पुलिस बल भी तैनात रहा।



