उल्लास • डी.ए.वी. मुख्यमंत्री पब्लिक स्कूल देहारगुड़ा में जन्माष्टमी महोत्सव की धूम
मैनपुर। विकासखंड मैनपुर के डी.ए.वी. मुख्यमंत्री पब्लिक स्कूल, देहारगुड़ा में भगवान श्रीकृष्ण का जन्मोत्सव अत्यंत श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ मनाया गया। संस्था प्रमुख अजय नागेश के कुशल मार्गदर्शन में आयोजित इस कार्यक्रम का शुभारंभ भगवान श्रीकृष्ण की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्वलन व प्रार्थना से किया गया। इस पर्व को लेकर विद्यालय परिसर को मोर पंख, बांसुरी, मटकी और रंग-बिरंगे फूलों से विशेष रूप से सजाया गया था, जिससे पूरा वातावरण कृष्णमय हो गया। सुबह 9:00 बजे से दोपहर 1:00 बजे तक चले इस आयोजन में सभी छात्र-छात्राएं विद्यालय की निर्धारित वेशभूषा और उल्लास के साथ उपस्थित हुए।
फैंसी ड्रेस में दिखी बच्चों की मासूमियत, रचनात्मकता भी आई सामने
कार्यक्रम में सबसे बड़ा आकर्षण नर्सरी से कक्षा 5वीं तक के बच्चों की फैंसी ड्रेस प्रतियोगिता रही। नन्हे-मुन्ने बच्चे राधा, कृष्ण, सुदामा और गोपियों के रूप में सज-धज कर आए थे। उनकी मासूम अदाओं और मुस्कान ने उपस्थित सभी लोगों का दिल जीत लिया। इसके अलावा कक्षा पहली से 12वीं तक के विद्यार्थियों के लिए चित्रकला, पोस्टर निर्माण, मटका सजावट और बांसुरी सजावट प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। छात्रों ने मनमोहक समूह नृत्य और श्रीकृष्ण की बाल लीलाओं पर आधारित शानदार नाटक की प्रस्तुति देकर खूब तालियां बटोरीं।
मानव पिरामिड बनाकर फोड़ी मटकी
कार्यक्रम के अंत में कक्षा 8वीं से 12वीं तक के छात्रों के बीच मटकी फोड़ प्रतियोगिता मुख्य आकर्षण रही। ढोल-नगाड़ों की थाप और गगनभेदी नारों के बीच छात्रों ने मानव पिरामिड बनाकर मटकी फोड़ी। इस दौरान पूरा स्कूल परिसर “हाथी घोड़ा पालकी, जय कन्हैया लाल की” के जयकारों से गूंज उठा।
श्रीकृष्ण के आदर्शों पर चलने की मिली प्रेरणा
संदेश और सहभागिता: इस अवसर पर संस्था प्रमुख श्री अजय नागेश ने जन्माष्टमी का महत्व बताते हुए बच्चों को भगवान श्रीकृष्ण के आदर्शों— सत्य, प्रेम और धर्म के मार्ग पर चलने की प्रेरणा दी। आयोजन में शिक्षक लेखराज साहू, राकेश साहू, छत्तर ध्रुव, उत्तम साहू, सौरभ यादव, गरिमा ठाकुर, गीता सोनवानी, कोनिका साहू, गिरधर पटेल, दुष्यंत साहू, रमेश यदु, प्रियंका कौशिक, दुर्गा साहू, ज्योति कश्यप, देविका नेताम, नग़मा खातून, चन्द्रध्वज बीसी, प्रहलाद मरकाम, शैलेश यादव और लक्ष्मी बघेल सहित बड़ी संख्या में अभिभावकगण उपस्थित रहे।

