बिलासपुर। सिरगिट्टी थाना क्षेत्र के नया पारा वार्ड क्रमांक-11 में गुरुवार को एक दर्दनाक हादसे में पुताई का काम कर रहे युवक की करंट लगने से मौत हो गई। हादसा उस समय हुआ, जब युवक मकान की पुताई के दौरान सीढ़ी पर चढ़कर काम कर रहा था। अचानक उसका संपर्क खुले बिजली के तार से हो गया और तेज करंट लग
ने से वह नीचे गिर पड़ा। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
मृतक की पहचान छोटू साहू के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, वह दुर्गा मंदिर के पास स्थित शनि मंदिर के समीप एक मकान में पुताई का कार्य कर रहा था। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, सीढ़ी पर काम करते समय उसका हाथ खुले विद्युत तार से छू गया, जिससे उसे जोरदार करंट लगा और वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
हादसे के तुरंत बाद साथ में काम कर रहे मजदूरों ने छोटू साहू को उपचार के लिए सिम्स अस्पताल पहुंचाया, लेकिन जांच के बाद डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही सिरगिट्टी थाना पुलिस अस्पताल और घटनास्थल पहुंची। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पोस्टमार्टम के बाद मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि होगी।
घटना के बाद छत्तीसगढ़ जनता मजदूर कल्याण संघ के प्रदेश अध्यक्ष संदीप कुमार और महासचिव राजा बर्मन भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने मृतक के परिजनों से मुलाकात कर शोक संवेदना व्यक्त की और प्रशासन से निष्पक्ष जांच, हादसे के लिए जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई तथा पीड़ित परिवार को उचित आर्थिक सहायता देने की मांग की।
स्थानीय लोगों का कहना है कि निर्माण कार्यों के दौरान खुले बिजली के तार और सुरक्षा मानकों की अनदेखी लगातार हादसों की वजह बन रही है। उन्होंने विद्युत विभाग और संबंधित एजेंसियों से ऐसे स्थानों पर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।





