मैनपुर।केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह द्वारा आदिवासियों को “वनवासी” कहे जाने के विरोध में मैनपुर में कांग्रेस कार्यकर्ताओं द्वारा जोरदार प्रदर्शन किया गया। ब्लॉक अध्यक्ष दुलेंद्र नेगी आदिवासी कांग्रेस के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मैनपुर बस स्टैंड में गृह मंत्री का पुतला दहन कर विरोध जताया।
प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने “अमित शाह हाय-हाय”, “अमित शाह मुर्दाबाद” एवं “भारतीय जनता पार्टी मुर्दाबाद” जैसे जमकर नारे लगाए। विरोध प्रदर्शन के चलते बस स्टैंड क्षेत्र में काफी देर तक माहौल गरमाया रहा। प्रदर्शन के दौरान पुलिस और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच झूमा-झटकी की स्थिति भी निर्मित हो गई।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि आदिवासी समाज इस देश की मूल पहचान है और उन्हें “वनवासी” कहना उनकी अस्मिता एवं अस्तित्व का अपमान है। कार्यकर्ताओं ने कहा कि आदिवासी समाज के सम्मान से किसी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा और इस प्रकार की टिप्पणी का पुरजोर विरोध जारी रहेगा।
प्रदर्शन में ब्लॉक अध्यक्ष राम कृष्ण ध्रुव, तनवीर ठाकुर, शाहिद मेमन, प्रियंका कपिल, पारेश्वर नेगी, गेंदू यादव सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे। सभी कार्यकर्ताओं ने एक स्वर में केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए आदिवासी समाज के सम्मान की रक्षा की बात कही।
मैनपुर बस स्टैंड में हुए इस प्रदर्शन को लेकर क्षेत्र में राजनीतिक माहौल गरमा गया है। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि यदि आदिवासी समाज के खिलाफ इस प्रकार की बयानबाजी बंद नहीं हुई तो आगे और उग्र आंदोलन किया जाएगा।



