मोटरसाइकिल से राजस्थान ले जाया जा रहा था गांजा, 4.35 लाख की संपत्ति जप्त
धमतरी: धमतरी पुलिस ने अंतर्राज्यीय गांजा तस्करी नेटवर्क के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए सांकरा फॉरेस्ट नाका पर एक तस्कर को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से 7 किलो 724 ग्राम अवैध गांजा, मोटरसाइकिल, मोबाइल फोन और नगदी सहित कुल 4 लाख 35 हजार रुपये की संपत्ति जप्त की गई है। गिरफ्तार आरोपी दिल्ली का निवासी बताया जा रहा है।
पुलिस अधीक्षक सूरज सिंह परिहार के निर्देशन में जिलेभर में अवैध मादक पदार्थों, शराब, जुआ और अन्य आपराधिक गतिविधियों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। सीमावर्ती क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखते हुए गांजा तस्करी नेटवर्क पर लगातार कार्रवाई की जा रही है।
जानकारी के अनुसार थाना सिहावा पुलिस को 24 मई 2026 को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति मोटरसाइकिल में अवैध गांजा भरकर देवभोग-मेचका मार्ग से सांकरा होते हुए राजस्थान ले जाने वाला है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने सांकरा फॉरेस्ट नाका पर घेराबंदी कर संदिग्ध वाहन को रोक लिया।
पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम मोंटू शर्मा पिता रामेश्वर शर्मा, उम्र 40 वर्ष, निवासी मुंशीराम कॉलोनी, मुखर्जी नगर, उत्तर पश्चिम दिल्ली बताया। पुलिस ने विधिवत तलाशी लेने पर आरोपी के पास मौजूद स्काई ब्लू रंग के पिट्ठू बैग और प्लास्टिक पॉलिथीन से कुल 7 किलो 724 ग्राम गांजा बरामद किया। आरोपी गांजा परिवहन से संबंधित कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से गांजा, हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल, मोबाइल फोन और 2 हजार रुपये नगद जब्त किए। आरोपी के खिलाफ थाना सिहावा में एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी) के तहत मामला दर्ज कर उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
धमतरी पुलिस ने बताया कि सांकरा चेक पोस्ट पर लगातार सघन जांच और निगरानी के चलते अंतर्राज्यीय गांजा तस्करी नेटवर्क पर लगातार दबाव बनाया जा रहा है। पिछले कुछ दिनों में यहां कई बड़ी कार्रवाई की जा चुकी हैं।
करीब 20 दिन पहले सिहावा पुलिस और वन विभाग की संयुक्त टीम ने 127 किलो से अधिक गांजा के साथ लगभग 72 लाख रुपये की संपत्ति जब्त की थी। इसके बाद 54 किलो गांजा और फिर 37 किलो गांजा की खेप भी सांकरा चेक पोस्ट पर पकड़ी गई। हाल ही में कपड़े बेचने की आड़ में तीन मोटरसाइकिलों के जरिए 131 किलो गांजा तस्करी करने वाले आरोपियों को भी गिरफ्तार किया गया था।
लगातार हो रही इन कार्रवाइयों से धमतरी पुलिस ने स्पष्ट संकेत दिया है कि सीमावर्ती क्षेत्रों में सक्रिय गांजा तस्करों के खिलाफ अभियान और तेज किया जाएगा।


