गरियाबंद। मुख्यमंत्री Vishnu Deo Sai के नेतृत्व में प्रदेशभर में संचालित सुशासन तिहार 2026 के तहत ग्रामीण क्षेत्रों में समाधान शिविरों का आयोजन लगातार किया जा रहा है। इन शिविरों के माध्यम से शासन की योजनाओं का लाभ सीधे जरूरतमंद हितग्राहियों तक पहुंचाया जा रहा है।
इसी क्रम में छुरा विकासखंड के ग्राम कनसिंघी में आयोजित समाधान शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा हितग्राहियों को लाभान्वित किया गया। शिविर के दौरान ग्राम झलकीपानी निवासी दुर्गाराम कुंजाम को राज्य पोषित योजना अंतर्गत निःशुल्क मछली पकड़ने का जाल प्रदान किया गया। दुर्गाराम पिछले लगभग 10 वर्षों से मछली पालन कार्य से जुड़े हुए हैं और इसी व्यवसाय के माध्यम से अपने परिवार का पालन-पोषण कर रहे हैं।
हितग्राही दुर्गाराम कुंजाम ने बताया कि अब तक उन्हें मछली पकड़ने के लिए किराए के जाल का उपयोग करना पड़ता था, जिससे अतिरिक्त आर्थिक भार उठाना पड़ता था। शासन द्वारा निःशुल्क जाल मिलने से अब उन्हें मछली पकड़ने और बिक्री कार्य में काफी सुविधा होगी। साथ ही उनकी आय में भी वृद्धि होने की संभावना है।
उन्होंने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और जिला प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सुशासन तिहार के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों के जरूरतमंद लोगों तक योजनाओं का लाभ आसानी से पहुंच रहा है। शासन की इस पहल से ग्रामीणों को आर्थिक रूप से मजबूत बनने का अवसर मिल रहा है।
प्रदेश सरकार द्वारा आयोजित सुशासन तिहार 2026 का उद्देश्य आम नागरिकों की समस्याओं का त्वरित निराकरण करना तथा शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है। इसके तहत गांव-गांव में समाधान शिविर लगाकर लोगों को सीधे लाभान्वित किया जा रहा है।


