राधे पटेल / गरियाबंद गरियाबंद जिले से एक बड़ी खबर सामने आ रही है, जहां आज शिवसेना ने प्रशासन के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए अपनी संगठनात्मक ताकत का जोरदार प्रदर्शन किया। जिले में शिवसेना के प्रदेश महासचिव संजय नाग के आगमन पर कार्यकर्ताओं में भारी उत्साह देखने को मिला। तिरंगा चौक पर सैकड़ों शिवसैनिकों ने फूल-मालाओं और गगनभेदी नारों के साथ उनका भव्य अभिनंदन किया।

इस पूरे कार्यक्रम का नेतृत्व युवा सेना नेता बिट्टू साहू ने किया। स्वागत समारोह के तुरंत बाद, अनुशासन और संगठन की ताकत दिखाते हुए तिरंगा चौक से लेकर कलेक्ट्रेट तक एक विशाल बाइक रैली निकाली गई। शहर के प्रमुख मार्गों से गुजरी इस रैली ने आम जनता का भी ध्यान अपनी ओर खींचा।
7 सूत्रीय मांगों को लेकर सौंपा ज्ञापन कलेक्ट्रेट पहुंचकर शिवसेना के प्रतिनिधिमंडल ने जिले की प्रमुख और गंभीर समस्याओं को लेकर कलेक्टर के नाम एक 7 सूत्रीय ज्ञापन सौंपा। संगठन ने प्रशासन के सामने निम्नलिखित प्रमुख मांगें रखी हैं:
जिले के शासकीय स्कूलों में शिक्षकों की भारी कमी को तत्काल दूर किया जाए।
क्षेत्र में धड़ल्ले से चल रहे अवैध रेत खनन और खदानों पर सख्त दंडात्मक कार्रवाई हो।
चरमराई शिक्षा और स्वास्थ्य व्यवस्था को सुदृढ़ किया जाए।
जिले में तेजी से पांव पसार रहे अवैध नशा कारोबार पर पूर्ण रूप से रोक लगे।
सुपेबेड़ा में सालों से चली आ रही दूषित पेयजल की गंभीर समस्या का स्थायी समाधान निकाला जाए।
प्रसिद्ध भूतेश्वर नाथ मंदिर के विकास और प्रबंधन के लिए ट्रस्ट का गठन हो।
स्कूलों के आसपास संचालित हो रही शराब दुकानों को अविलंब हटाया जाए।
शिवसेना नेताओं ने प्रशासन को दो टूक शब्दों में चेतावनी दी है कि यदि इन जनहितैषी मांगों पर जल्द से जल्द सकारात्मक कार्रवाई नहीं हुई, तो संगठन पूरे जिले में एक उग्र आंदोलन छेड़ने को मजबूर होगा। यह आयोजन गरियाबंद में जनहित के मुद्दों को मजबूती से उठाने का एक बड़ा प्रयास साबित हुआ है।


