देवभोग के खुटगांव चेकपोस्ट पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 400 किलो गांजा, 6.50 लाख नकद, आयशर वाहन और बाइक जब्त
गरियाबंद। जिले में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन निश्चय’ के तहत गरियाबंद पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब दो करोड़ रुपये कीमत का 400 किलो अवैध गांजा जब्त किया है। पुलिस ने इस मामले में महाराष्ट्र और ओडिशा से जुड़े पांच अंतरराज्यीय तस्करों को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के दौरान गांजा परिवहन में प्रयुक्त आयशर वाहन, मोटरसाइकिल, मोबाइल फोन और कुल 6 लाख 50 हजार रुपये नकद भी जब्त किए गए हैं। पुलिस के अनुसार रायपुर रेंज आईजी के निर्देश और गरियाबंद पुलिस अधीक्षक के मार्गदर्शन में जिले के अंतरराज्यीय सीमावर्ती क्षेत्रों एवं चेकपोस्टों पर संदिग्ध वाहनों की लगातार जांच की जा रही है। इसी क्रम में 24 अगस्त की रात देवभोग थाना क्षेत्र के ग्राम खुटगांव स्थित NH-130C अंतरराज्यीय चेकपोस्ट पर पुलिस टीम वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान ओडिशा की ओर से नारंगी रंग का आयशर वाहन क्रमांक MH 06 BW 4144 पहुंचा। पुलिस ने वाहन को रोककर जांच की तो ऊपर काले तिरपाल से ढके संदिग्ध पैकेट दिखाई दिए। तलाशी लेने पर अलग-अलग पैकेटों में करीब 400 किलो गांजा बरामद हुआ। वाहन में सवार संतोष अनंता मोहिते और सुमित सुभाष थोड़वे से पूछताछ में सामने आया कि उनके आगे एक नीले रंग की ग्लैमर मोटरसाइकिल क्रमांक OD 08 W 5814 चल रही थी, जिस पर दो व्यक्ति रास्ता दिखा रहे थे। पुलिस ने पीछा कर मोटरसाइकिल सवार पंकज अनंता मोहिते और जलंधर खम्हारी को भी पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपियों ने पुलिस को बताया कि गांजा ओडिशा के कालाहांडी जिले के ग्राम डेंगागुड़ा निवासी विनोद दिसारी से प्राप्त किया गया था। इसके बाद पुलिस ने एंड-टू-एंड कार्रवाई करते हुए ओडिशा पहुंचकर विनोद दिसारी को भी गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने मौके से 400 किलो गांजा, 1.50 लाख रुपये नकद, तीन मोबाइल फोन, आयशर वाहन और मोटरसाइकिल जब्त की। वहीं विनोद दिसारी के कब्जे से गांजा के क्रय-विक्रय में प्रयुक्त 5 लाख रुपये भी बरामद किए गए। इस तरह कुल नकद राशि 6.50 लाख रुपये जब्त हुई। पुलिस ने पांचों आरोपियों के खिलाफ NDPS Act की धारा 20(B)(ii)(C) के तहत अपराध दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश किया है। गरियाबंद पुलिस की लगातार कार्रवाई से जिले के रास्ते अंतरराज्यीय गांजा तस्करी करने वाले नेटवर्क पर बड़ी चोट मानी जा रही है। इससे पहले भी ‘ऑपरेशन निश्चय’ के तहत देवभोग के खुटगांव चेकपोस्ट पर कार्रवाई करते हुए पुलिस 151 किलो गांजा बरामद कर चुकी है और दो अंतरराज्यीय तस्करों को गिरफ्तार किया था।
गिरफ्तार आरोपी

संतोष अनंता मोहिते, उम्र 49 वर्ष, महाराष्ट्र।
सुमित सुभाष थोड़वे, उम्र 35 वर्ष, पुणे, महाराष्ट्र।
पंकज अनंता मोहिते, उम्र 47 वर्ष, रायगढ़, महाराष्ट्र।
जलंधर खम्हारी, उम्र 43 वर्ष, कालाहांडी, ओडिशा।
विनोद दिसारी, उम्र 40 वर्ष, कालाहांडी, ओडिशा।
जब्त सामग्री

400 किलो अवैध गांजा — अनुमानित कीमत करीब 2 करोड़ रुपये।
आयशर वाहन MH 06 BW 4144 — करीब 20 लाख रुपये।
ग्लैमर मोटरसाइकिल OD 08 W 5814 — करीब 50 हजार रुपये।
3 टच स्क्रीन मोबाइल फोन।
मौके से 1.50 लाख रुपये नकद।
आरोपी विनोद दिसारी से 5 लाख रुपये नकद।
कुल नकद राशि — 6.50 लाख रुपये।

