राधे पटेल / गरियाबंद बालोद। बालोद-दल्लीराजहरा मुख्य मार्ग पर बुधवार को एक बड़ा सड़क हादसा टल गया। दल्लीराजहरा से रायपुर की ओर आयरन लेकर जा रहा ट्रक अचानक सामने आई गाय को बचाने के प्रयास में अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गया। तेज रफ्तार ट्रक पलटते हुए झाड़ियों में जा घुसा। गनीमत रही कि हादसे में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।
ट्रक क्रमांक CG 08 AJ 9194 दल्लीराजहरा से आयरन लोड कर रायपुर जा रहा था। बालोद और दईहान के बीच अचानक सड़क पर गाय आ जाने से चालक ने वाहन को मोड़ने का प्रयास किया। इसी दौरान ट्रक का संतुलन बिगड़ गया और वह सड़क किनारे पलटकर झाड़ियों में जा घुसा।
हादसे के बाद आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और चालक को सुरक्षित बाहर निकाला। दुर्घटना में चालक को मामूली चोटें आई हैं। उसे तत्काल जिला अस्पताल बालोद भेजा गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।
ट्रक मालिक ने बताया कि हादसे में वाहन को नुकसान पहुंचा है, लेकिन किसी अन्य वाहन, राहगीर या पशु को कोई नुकसान नहीं हुआ। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी। प्रारंभिक तौर पर हादसे की वजह सड़क पर अचानक गाय का आ जाना माना जा रहा है। हालांकि वास्तविक कारण जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेंगे।

