दंतेवाड़ा। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह द्वारा कथित रूप से “वनवासी” शब्द के इस्तेमाल के विरोध में दंतेवाड़ा जिला आदिवासी कांग्रेस ने जोरदार प्रदर्शन किया। जिला आदिवासी कांग्रेस अध्यक्ष शंकर कुंजाम के नेतृत्व में बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने राजीव भवन के सामने एकत्र होकर नारेबाजी की और विरोध प्रदर्शन किया।
प्रदर्शनकारियों का कहना था कि आदिवासी समाज को “वनवासी” कहना उनकी ऐतिहासिक पहचान, संस्कृति और संवैधानिक अधिकारों का अपमान है। उन्होंने आरोप लगाया कि आदिवासी समुदाय की अलग पहचान और अस्तित्व को कमजोर करने का प्रयास किया जा रहा है, जिसे समाज किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं करेगा।
विरोध प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह का पुतला दहन कर अपना आक्रोश व्यक्त किया। इस दौरान मौके पर मौजूद पुलिस बल ने स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया, जिससे कुछ समय के लिए पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच हल्की झूमा-झटकी की स्थिति भी निर्मित हो गई।
आदिवासी कांग्रेस नेताओं ने कहा कि आदिवासी समाज की पहचान और अधिकारों के साथ किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने केंद्र सरकार से इस मुद्दे पर स्पष्ट रुख अपनाने की मांग की।
प्रदर्शन में कांग्रेस के कई पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल रहे। कार्यक्रम के दौरान प्रदर्शनकारियों ने आदिवासी समाज के सम्मान और अधिकारों की रक्षा के लिए संघर्ष जारी रखने का संकल्प भी दोहराया।


