फिंगेश्वर। गरियाबंद पुलिस ने अवैध जुआ के खिलाफ कार्रवाई करते हुए फिंगेश्वर थाना क्षेत्र के ग्राम बम्हनदेही जंगल में चल रहे जुए के फड़ पर दबिश दी। कार्रवाई में पुलिस ने ताश के पत्तों पर रुपये का दांव लगाकर जुआ खेल रहे 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे और जुआ फड़ से कुल ₹62,500 नगद, 52 पत्ती ताश, 6 मोबाइल फोन, 3 मोटरसाइकिल और 1 स्कूटी जब्त की है।
मुखबिर की सूचना पर घेराबंदी
पुलिस के अनुसार, थाना फिंगेश्वर एवं साइबर टीम को मुखबिर से सूचना मिली थी कि कुछ लोग बम्हनदेही जंगल क्षेत्र में बड़े पैमाने पर ताश के पत्तों पर रुपये का दांव लगाकर जुआ खेल रहे हैं। सूचना की पुष्टि के बाद पुलिस टीम ने क्षेत्र में घेराबंदी कर दबिश दी।
पुलिस टीम ने मौके पर जुआ खेल रहे 6 लोगों को रंगे हाथों पकड़ा। तलाशी के दौरान जुआ फड़ और आरोपियों के पास से नकद राशि, ताश के पत्ते, मोबाइल फोन और वाहन बरामद किए गए।
जब्त सामग्री
कार्रवाई में पुलिस ने निम्न सामग्री जब्त की है:
₹62,500 नगद राशि
52 पत्ती ताश
एक नीले रंग का प्लास्टिक नीपाल
6 मोबाइल फोन
3 मोटरसाइकिल
1 स्कूटी
कुल 4 दोपहिया वाहन जब्त किए गए हैं।
गिरफ्तार आरोपियों के नाम
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों में शामिल हैं:
मोहन यादव, उम्र 48 वर्ष, निवासी ग्राम बम्हनी, थाना व जिला महासमुंद
लोकनाथ साहू, उम्र 43 वर्ष, निवासी नयारायपुर सेक्टर-30, थाना राखी, जिला रायपुर
मन्नू साहू, उम्र 34 वर्ष, निवासी ग्राम केंद्री, थाना अभनपुर, जिला रायपुर
नोहर साहू, उम्र 38 वर्ष, निवासी ग्राम बकसरा, थाना अभनपुर, जिला रायपुर
टेकराम सिन्हा, उम्र 26 वर्ष, निवासी ग्राम बेलटुकरी, थाना राजिम, जिला गरियाबंद
परस राम सिन्हा, उम्र 42 वर्ष, निवासी ग्राम भलेसर, थाना व जिला महासमुंद
जुआ प्रतिषेध अधिनियम के तहत कार्रवाई
पुलिस अधीक्षक गरियाबंद के निर्देश पर जिले में अवैध जुआ, सट्टा और नशीले पदार्थों के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक और अनुविभागीय अधिकारी (पुलिस) के मार्गदर्शन में फिंगेश्वर थाना पुलिस और साइबर टीम ने कार्रवाई की।
पकड़े गए आरोपियों के विरुद्ध छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध जुआ, सट्टा और अन्य आपराधिक गतिविधियों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।



