ग्राम गोपालपुर में हुआ भव्य आयोजन, जिला पंचायत अध्यक्ष गौरीशंकर कश्यप समेत जनप्रतिनिधि रहे मौजूद; बालिका खुशबू ने मंच पर गाया भावुक गीत
मैनपुर। भगवान विश्वकर्मा जयंती के अवसर पर सिद्धेश्वर राज मिस्त्री संघ छुईहा द्वारा ग्राम पंचायत गोपालपुर में गुरुवार को उत्साह और धूमधाम के साथ जयंती समारोह का आयोजन किया गया। पूरे गांव में पर्व को लेकर उत्साह का माहौल रहा। भगवान विश्वकर्मा की पूजा-अर्चना के साथ कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीण और राजमिस्त्री संघ के सदस्य शामिल हुए।
विश्वकर्मा जयंती हर वर्ष निर्माण, शिल्प और तकनीकी कौशल से जुड़े लोगों के लिए विशेष महत्व रखती है। इस वर्ष भी 17 सितंबर को विश्वकर्मा जयंती मनाई जा रही है।
जनप्रतिनिधियों ने की शिरकत
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में जिला पंचायत अध्यक्ष गौरीशंकर कश्यप शामिल हुए। उनके साथ भाजपा प्रदेश महामंत्री नंदनी नेताम, ग्राम पंचायत गोपालपुर के सरपंच खेलान सिंह दीवान और उपसरपंच पारेश्वर नेगी सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि एवं ग्रामीण मौजूद रहे।
कार्यक्रम में प्रेमसाय जगत, छबीलाल, लोकेश, जयचंद मरकाम, टीकम पटेल, नीराम ध्रुव, गौरीबाई दीवान, हेमंत नेताम, अवध, चंदन, केशव, दयाराम, नरेश, शिवचरण, लछमन, डाकेश्वर नेगी समेत ग्राम के अन्य गणमान्य नागरिक एवं समस्त ग्रामवासी उपस्थित रहे।
बालिका खुशबू ने मंच पर गाया ‘तू कितनी अच्छी है…’
कार्यक्रम के दौरान उस समय माहौल भावुक हो गया, जब गांव की बालिका खुशबू ने जिला पंचायत अध्यक्ष गौरीशंकर कश्यप से मंच पर गीत गाने का आग्रह किया। खुशबू के आग्रह को स्वीकार करते हुए गौरीशंकर कश्यप मंच पर पहुंचे और ‘तू कितनी अच्छी है, तू कितनी प्यारी है, मां मेरी मां…’ गीत प्रस्तुत किया।
गीत के दौरान कार्यक्रम स्थल पर मौजूद लोगों ने तालियों के साथ उनका उत्साहवर्धन किया। बालिका के इस सहज आग्रह और कार्यक्रम में प्रस्तुत गीत ने विश्वकर्मा जयंती समारोह को यादगार बना दिया।
आईटीआई, ड्राइवर संघ और श्रमिक संगठनों में भी हुई पूजा
विश्वकर्मा जयंती की रौनक केवल गोपालपुर तक सीमित नहीं रही। मैनपुर ब्लॉक के विभिन्न संस्थानों और संगठनों में भी भगवान विश्वकर्मा की विशेष पूजा-अर्चना की गई। श्री पैरी गंगा राजमिस्त्री भवन निर्माण मजदूर संघ, आईटीआई जाड़ापदर तथा ड्राइवर संघ मैनपुर सहित कई स्थानों पर मशीनों, वाहनों और औजारों की पूजा कर सुरक्षित कार्य, उन्नति और समृद्धि की कामना की गई।
गांव में रहा उत्सव का माहौल
विश्वकर्मा जयंती के आयोजन को लेकर पूरे गांव में उत्साह देखने को मिला। राजमिस्त्री संघ के सदस्यों ने भगवान विश्वकर्मा की पूजा कर निर्माण एवं शिल्प से जुड़े कार्यों में निरंतर प्रगति और सुख-समृद्धि की कामना की। कार्यक्रम में ग्रामीणों ने भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।
आयोजकों ने कहा कि भगवान विश्वकर्मा की जयंती मेहनत, हुनर और निर्माण कार्य से जुड़े लोगों के सम्मान का पर्व है। ऐसे आयोजन समाज में श्रम और हुनर के प्रति सम्मान की भावना को मजबूत करते हैं।



