जामुल के नारधा गांव की घटना, आरोपी पुलिस हिरासत में; हत्या के कारणों की जांच जारी
भिलाई नगर। जामुल थाना क्षेत्र के ग्राम नारधा में आपसी विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। मामूली कहासुनी के बाद एक युवक ने ट्रैक्टर चालक पर चाकू से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल चालक को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई।
पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान भीष्म गायकवाड के रूप में हुई है, जो ट्रैक्टर चलाकर अपने परिवार का भरण-पोषण करता था। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक उसका जामुल निवासी अरविंद चतुर्वेदी से किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपी ने चाकू निकालकर भीष्म गायकवाड पर हमला कर दिया।
हमले में गंभीर रूप से घायल भीष्म को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया, लेकिन इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया। घटना की सूचना मिलते ही जामुल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी अरविंद चतुर्वेदी को हिरासत में ले लिया।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले में हत्या सहित अन्य संबंधित धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि घटना के पीछे की वास्तविक वजह और विवाद के कारणों की विस्तृत जांच की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

