मैनपुर। मैनपुर विकासखंड के अंतर्गत ग्राम पंचायत भाटापानी स्थित ज्ञान ज्योति प्राथमिक शाला (कामारपारा) एक बार फिर अपनी बदइंतजामी के कारण सुर्खियों में है। यहां पदस्थ शिक्षक सतीश कुमार दुबे कथित तौर पर स्कूल समय के दौरान महुआ शराब के नशे में धुत पाए गए। शिक्षा के मंदिर में शिक्षक की इस घोर लापरवाही से ग्रामीणों और अभिभावकों में भारी आक्रोश है। शराबी शिक्षक के मामले के साथ-साथ अब स्कूल की मध्याह्न भोजन व्यवस्था में भी भारी अनियमितता उजागर हुई है।
मेन्यु गायब, पोषण से हो रहा खिलवाड़
ग्रामीणों और अभिभावकों का आरोप है कि स्कूल में बच्चों को लंबे समय से केवल दाल और चावल ही परोसा जा रहा है। मध्याह्न भोजन के निर्धारित साप्ताहिक मेन्यू का कोई पालन नहीं किया जा रहा है। भोजन की थाली से सब्जी एवं अन्य पोषक सामग्री पूरी तरह नदारद है। प्रधानमंत्री पोषण शक्ति निर्माण (PM POSHAN) योजना के स्पष्ट निर्देश हैं कि बच्चों को विविध और संतुलित आहार (दाल, अनाज, हरी सब्जियां) दिया जाए, लेकिन यहां मानकों को ताक पर रख दिया गया है। इससे बच्चों का पोषण स्तर सीधे तौर पर प्रभावित हो रहा है।


ग्रामीणों ने की निष्पक्ष जांच की मांग शिक्षक के नशे में धुत मिलने और मध्याह्न भोजन की स्थिति को देखते हुए ग्रामीणों ने शिक्षा विभाग और जिला प्रशासन से पूरे प्रकरण की तत्काल और निष्पक्ष जांच की मांग की है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि बच्चों के भविष्य के साथ ऐसा ही खिलवाड़ होता रहा, तो वे चुप नहीं बैठेंगे। दोषियों पर सख्त से सख्त कार्रवाई होनी चाहिए।
क्या कहते हैं जिम्मेदार: बीईओ
“मैं मौके पर तो नहीं गया हूं, आपके द्वारा ही यह जानकारी मुझे मिली है। यदि वह टीचर शराब पिया है और जांच में इसकी पुष्टि होती है, तो नियमानुसार सख्त कार्यवाही की जाएगी।”
— देवनाथ बघेल, खंड शिक्षा अधिकारी (BEO), मैनपुर
