मैनपुर। राजापड़ाव क्षेत्र के गरीबा से एक सनसनीखेज और दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। यहां पुरानी रंजिश के चलते पति-पत्नी की निर्मम हत्या कर उनके शवों बोर में भर कर एक साथ दोनों को श्मशान घाट में दफना दिया गया था। घटना का खुलासा हत्या के लगभग एक सप्ताह बाद हुआ, जिसके बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया।
मृतकों की पहचान राजाराम नेताम एवं उनकी पत्नी आशो बाई नेताम के रूप में हुई है। वहीं मामले में ग्राम गरीबा निवासी लखीराम नेताम, रघुराम नेताम और नकुल राम नेताम को पुलिस ने गिरफ्तार किया है।
शोभा थाना प्रभारी पवन वर्मा से मिली जानकारी के अनुसार 6 जून 2026 को पुरानी रंजिश के चलते आरोपियों ने पति-पत्नी की डंडों से पीट-पीटकर हत्या कर दी थी। हत्या के बाद सबूत छिपाने की नीयत से दोनों शवों को चुपचाप श्मशान घाट में दफना दिया गया था ताकि किसी को घटना की भनक न लग सके।
मामले का खुलासा तब हुआ जब हाल ही में गांव के एक अन्य व्यक्ति के निधन के बाद ग्रामीण अंतिम संस्कार के लिए श्मशान घाट पहुंचे। वहां उन्होंने दो अन्य स्थानों पर ताजा दफनाए गए शवों के निशान देखे। ग्रामीणों को यह संदिग्ध लगा क्योंकि गांव में हाल के दिनों में किसी अन्य व्यक्ति की मृत्यु नहीं हुई थी।
इस दौरान ग्रामीणों को पिछले एक सप्ताह से लापता राजाराम नेताम और उनकी पत्नी आशो बाई नेताम की याद आई। संदेह गहराने पर ग्रामीणों ने शोभा थाना पहुंचकर मामले की शिकायत दर्ज कराई।


शिकायत मिलते ही शोभा थाना प्रभारी पवन वर्मा अपनी टीम के साथ गरीबा गांव पहुंचे और श्मशान घाट में दफन शवों को खुदवाकर बाहर निकलवाया। जांच के दौरान पुष्टि हुई कि बरामद शव राजाराम नेताम और आशो बाई नेताम के ही हैं।
थाना प्रभारी पवन वर्मा के नेतृत्व में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए हत्या में शामिल तीनों आरोपियों लखीराम नेताम, रघुराम नेताम और नकुल राम नेताम को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर हत्या के कारणों और पूरे घटनाक्रम की विस्तृत जांच कर रही है।

फिलहाल दोनों शवों का पंचनामा तैयार कर शोभा थाना लाया गया है। शवों के अवशेषों को फॉरेंसिक जांच के लिए रायपुर भेजा गया है। पुलिस का कहना है कि फॉरेंसिक रिपोर्ट मिलने के बाद मामले में और महत्वपूर्ण तथ्य सामने आ सकते हैं।
एक सप्ताह बाद उजागर हुए इस दोहरे हत्याकांड ने पूरे क्षेत्र में सनसनी फैला दी है। ग्रामीणों में घटना को लेकर भारी आक्रोश है, वहीं पुलिस मामले की हर पहलू से गंभीरता से जांच कर रही है।



