रायगढ़। रायगढ़ शहर को प्रदेश के सबसे आधुनिक, सुव्यवस्थित और सुविधासंपन्न शहरों में शामिल करने की दिशा में तेजी से काम किया जा रहा है। इसी कड़ी में प्रदेश के वित्त मंत्री एवं रायगढ़ विधायक श्री ओ.पी. चौधरी ने सोमवार को नगर निगम क्षेत्र में संचालित विभिन्न विकास कार्यों का निरीक्षण कर उनकी प्रगति का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को गुणवत्ता से किसी प्रकार का समझौता न करने और सभी परियोजनाओं को निर्धारित समय-सीमा में पूरा करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान वित्त मंत्री ने मरीन ड्राइव, अंतर्राज्यीय बस स्टैंड (आईएसबीटी), एफसीआई ऑक्सीजोन, मिट्ठूमुड़ा तालाब, किसान राइस मिल ऑक्सीजोन और कयाघाट पुल सहित कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं का अवलोकन किया। इस अवसर पर नगर निगम महापौर जीवर्धन चौहान, कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
रायगढ़ को मॉडल सिटी बनाने का संकल्प
वित्त मंत्री श्री ओ.पी. चौधरी ने कहा कि रायगढ़ को केवल विकसित शहर ही नहीं, बल्कि पूरे प्रदेश के लिए एक मॉडल शहर के रूप में स्थापित करने का लक्ष्य रखा गया है। उन्होंने कहा कि सड़क, परिवहन, पर्यावरण संरक्षण, जल प्रबंधन और शहरी सुविधाओं से जुड़ी परियोजनाओं के पूरा होने के बाद रायगढ़ विकास के नए मानक स्थापित करेगा।
उन्होंने कहा कि आधुनिक बुनियादी ढांचे के साथ-साथ नागरिक सुविधाओं और पर्यावरण संरक्षण को भी समान महत्व दिया जा रहा है, ताकि शहर का संतुलित और दीर्घकालिक विकास सुनिश्चित किया जा सके।
नवंबर तक पूरा होगा मरीन ड्राइव
वित्त मंत्री ने प्रगति नगर स्थित निर्माणाधीन मरीन ड्राइव परियोजना का निरीक्षण करते हुए कार्यों की प्रगति और गुणवत्ता की समीक्षा की। उन्होंने मुख्य बॉक्स कल्वर्ट और डायवर्सन निर्माण कार्य समय पर पूरा होने पर संतोष व्यक्त किया तथा निर्माण एजेंसियों की सराहना की।
उन्होंने कहा कि मरीन ड्राइव केवल एक सड़क परियोजना नहीं है, बल्कि यह रायगढ़ की नई पहचान बनने जा रही है। इससे शहर की सुंदरता बढ़ेगी, यातायात व्यवस्था सुगम होगी और नागरिकों को एक आकर्षक सार्वजनिक स्थल उपलब्ध होगा। उन्होंने अधिकारियों को आगामी नवंबर 2026 तक निर्माण कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए।
रायगढ़ को मिलेगा अत्याधुनिक अंतर्राज्यीय बस टर्मिनल
निरीक्षण के दौरान वित्त मंत्री ने निर्माणाधीन अंतर्राज्यीय बस स्टैंड (आईएसबीटी) का भी जायजा लिया। उन्होंने कहा कि यह परियोजना आने वाले 40 वर्षों की जरूरतों को ध्यान में रखकर तैयार की जा रही है।
आईएसबीटी परिसर में एक समय में 30 बसों के संचालन की सुविधा होगी, जबकि अतिरिक्त 40 बसों के लिए पार्किंग और स्पेस भी आरक्षित रखा जाएगा। बसों की मरम्मत और रखरखाव के लिए अलग वर्कशॉप क्षेत्र विकसित किया जा रहा है।
यात्रियों की सुविधा के लिए आधुनिक प्रतीक्षालय का निर्माण किया जा रहा है, जहां एक साथ लगभग 550 यात्रियों के बैठने की व्यवस्था होगी। वित्त मंत्री ने कहा कि यह बस टर्मिनल रायगढ़ को प्रदेश और देश के अन्य प्रमुख शहरों से बेहतर कनेक्टिविटी प्रदान करेगा तथा यात्रियों को आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराएगा।
सात एकड़ में विकसित होगा भव्य ऑक्सीजोन
वित्त मंत्री ने एफसीआई परिसर में विकसित किए जा रहे ऑक्सीजोन प्रोजेक्ट का भी निरीक्षण किया। लगभग सात एकड़ क्षेत्र में विकसित हो रहे इस हरित परिसर को उन्होंने शहर के पर्यावरणीय भविष्य के लिए महत्वपूर्ण बताया।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि नागरिकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए ऑक्सीजोन में दो प्रवेश द्वार बनाए जाएं, जिससे लोगों की आवाजाही आसान हो सके। उन्होंने कहा कि तेजी से बढ़ते शहरीकरण के बीच हरित क्षेत्रों का विकास समय की आवश्यकता है और यह परियोजना आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ और स्वस्थ वातावरण प्रदान करने में अहम भूमिका निभाएगी।
विकास और पर्यावरण संरक्षण साथ-साथ
वित्त मंत्री श्री चौधरी ने कहा कि रायगढ़ में विकास कार्यों के साथ पर्यावरण संरक्षण को भी प्राथमिकता दी जा रही है। यही कारण है कि शहर में सड़क, पुल और परिवहन सुविधाओं के साथ-साथ ऑक्सीजोन और जल संरक्षण जैसी परियोजनाओं पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि इन सभी परियोजनाओं के पूर्ण होने के बाद रायगढ़ प्रदेश के सबसे विकसित, सुंदर और सुविधासंपन्न शहरों में अपनी अलग पहचान बनाएगा।
इस अवसर पर नगर निगम आयुक्त बृजेश सिंह क्षत्रिय, जनप्रतिनिधि, पार्षदगण, गणमान्य नागरिक और विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।





