31,980 रुपए नकद, 11 बाइक और 4 मोबाइल जब्त; 10 आरोपी मौके से फरार, तलाश जारी
महासमुंद। महासमुंद पुलिस ने जिले में अवैध जुआ के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए बेमचा स्थित पनखटिया तालाब के किनारे संचालित जुए के फड़ पर छापा मारकर तीन जुआरियों को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने 31 हजार 980 रुपए नकद, चार मोबाइल फोन और 11 मोटरसाइकिल जब्त की हैं। जब्त संपत्ति की कुल कीमत करीब 3 लाख 84 हजार रुपए आंकी गई है।
पुलिस के अनुसार, मुखबिर से सूचना मिलने पर टीम ने योजनाबद्ध तरीके से पनखटिया तालाब के पास दबिश दी। पुलिस को देखते ही जुआ खेल रहे लोगों में अफरा-तफरी मच गई। इस दौरान तीन आरोपियों को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया, जबकि 10 आरोपी भागने में सफल रहे। फरार आरोपियों की पहचान कर उनकी तलाश की जा रही है।
कार्रवाई के दौरान जुए में इस्तेमाल की जा रही नकदी, मोबाइल फोन और मोटरसाइकिल जब्त कर पंचनामा तैयार किया गया। गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ (प्रतिषेध) अधिनियम तथा भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की गई।
महासमुंद पुलिस का कहना है कि जिले में अवैध जुआ, सट्टा और अन्य गैरकानूनी गतिविधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। पुलिस ने लोगों से भी अपील की है कि ऐसी गतिविधियों की सूचना तत्काल पुलिस को दें, ताकि समय रहते प्रभावी कार्रवाई की जा सके।

