गरियाबंद। जिले के ब्लॉक मुख्यालय गरियाबंद अंतर्गत संचालित कन्या आश्रम पंटोरा की छात्रा कु. मेघा ने अपनी प्रतिभा और मेहनत के दम पर एकलव्य आदर्श विद्यालय में चयनित होकर विद्यालय, परिवार और पूरे क्षेत्र का नाम रोशन किया है। मेघा की इस उपलब्धि से विद्यालय परिवार में खुशी का माहौल है और क्षेत्रवासियों में गर्व की भावना देखने को मिल रही है।

जानकारी के अनुसार, कु. मेघा पिता सत्यनारायण ने अपनी लगन, अनुशासन और निरंतर अध्ययन के बल पर यह महत्वपूर्ण सफलता हासिल की है। ग्रामीण परिवेश से आने वाली इस छात्रा की उपलब्धि अन्य विद्यार्थियों के लिए भी प्रेरणा का स्रोत बन गई है।
विद्यालय प्रबंधन का कहना है कि मेघा शुरू से ही पढ़ाई के प्रति गंभीर रही हैं और उन्होंने हमेशा बेहतर प्रदर्शन करने का प्रयास किया है। उनकी सफलता यह साबित करती है कि कठिन परिश्रम और दृढ़ संकल्प के साथ किसी भी लक्ष्य को प्राप्त किया जा सकता है।
मेघा के चयन पर कन्या आश्रम पंटोरा की प्रधान पाठक सावेत्री ध्रुव, शिक्षिका नीता सार्वा, मनीषा तिवारी, अधीक्षिका अर्चना बघेल सहित समस्त विद्यालय परिवार ने हर्ष व्यक्त किया। वहीं पालकगण रीता साहू, बृजमोहन ध्रुव एवं क्षेत्र के ग्रामीणों ने भी छात्रा को शुभकामनाएं देते हुए उसके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
विद्यालय परिवार ने कहा कि मेघा की यह सफलता अन्य छात्राओं को भी शिक्षा के क्षेत्र में आगे बढ़ने और अपने सपनों को साकार करने के लिए प्रेरित करेगी। उन्होंने विश्वास जताया कि मेघा भविष्य में भी इसी तरह उत्कृष्ट प्रदर्शन कर क्षेत्र और जिले का नाम रोशन करती रहेंगी।
ग्रामीणों और शिक्षकों ने मेघा को बधाई देते हुए कहा कि यह उपलब्धि केवल एक छात्रा की सफलता नहीं, बल्कि पूरे विद्यालय और समाज के लिए गर्व का विषय है।





