राधे पटेल / गरियाबंद गरियाबंद | फिंगेश्वर ग्राम बिजली में बुधवार को एक चलती ट्रक में अचानक लगी भीषण आग ने पूरे इलाके में हड़कंप मचा दिया। आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही मिनटों में ट्रक पूरी तरह उसकी चपेट में आ गया। स्थिति तब और भयावह हो गई, जब ट्रक के टायर और डीजल टंकी में एक के बाद एक जोरदार धमाके होने लगे।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, ट्रक कुरूद से कुंडेल धान संग्रहण केंद्र की ओर धान लोडिंग के लिए जा रहा
था। रास्ते में वाहन से धुआं उठता देख ग्रामीणों ने चालक को सतर्क करने की कोशिश की, लेकिन तब तक देर हो चुकी थी और आग ने विकराल रूप धारण कर लिया था।
स्थिति की गंभीरता को भांपते हुए चालक ने तत्काल सूझबूझ दिखाते हुए चलती ट्रक से कूदकर अपनी जान बचाई। कुछ ही पलों में आग इतनी भड़क गई कि आसपास मौजूद लोग भी भयभीत हो उठे और सुरक्षित दूरी बना ली।
घटना की सूचना मिलते ही राजिम से दमकल की टीम मौके पर पहुंची। दमकलकर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक ट्रक पूरी तरह जलकर खाक हो चुका था।
प्राथमिक जांच में आग लगने की वजह भीषण गर्मी के चलते इंजन का ओवरहीट होना बताई जा रही है। हालांकि, अधिकारियों का कहना है कि विस्तृत जांच के बाद ही आग के वास्तविक कारणों की पुष्टि की जा सकेगी।
गनीमत यह रही कि इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई, लेकिन ट्रक के पूरी तरह जल जाने से बड़ा आर्थिक नुकसान हुआ है। इस घटना ने एक बार फिर गर्मी के मौसम में भारी वाहनों के रखरखाव और सुरक्षा उपायों की अनदेखी पर सवाल खड़े कर दिए हैं।


