वर्तमान डिजिटल युग में कंप्यूटर ज्ञान के बिना किसी भी क्षेत्र में आगे बढ़ना मुश्किल

मैनपुर । नवीन शासकीय महाविद्यालय मैनपुर में “कंप्यूटर: आधुनिक जीवन की आवश्यकता” विषय पर एक प्रेरक एवं ज्ञानवर्धक व्याख्यान का आयोजन भौतिक शास्त्र विभाग द्वारा किया गया।
मुख्य वक्ता के रूप में शौर्य कंप्यूटर एजुकेशन के संचालक पुलस्त शर्मा ने अपने संबोधन में कहा कि वर्तमान डिजिटल युग में कंप्यूटर ज्ञान के बिना किसी भी क्षेत्र में आगे बढ़ना कठिन है। उन्होंने बताया कि शिक्षा, बैंकिंग, व्यापार, स्वास्थ्य सेवाओं, ऑनलाइन सेवाओं तथा सरकारी कार्यों में कंप्यूटर की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण हो गई है।

उन्होंने विद्यार्थियों को तकनीकी कौशल विकसित करने और कंप्यूटर शिक्षा को अपने करियर का आधार बनाने के लिए प्रेरित किया।कार्यक्रम में प्राचार्य सनबरसन साहू ने कहा कि कंप्यूटर आज जीवन का अभिन्न हिस्सा बन चुका है और यह समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। उन्होंने विद्यार्थियों से नई तकनीकों को अपनाने, निरंतर सीखते रहने और आत्मनिर्भर बनने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में अतिथि वक्ता प्रदीप सिंग ने साइबर सुरक्षा, इंटरनेट के सुरक्षित उपयोग और डिजिटल जिम्मेदारी पर महत्वपूर्ण जानकारी साझा करते हुए संस्थान द्वारा चलाए जा रहे विभिन्न पाठ्यक्रमों का परिचय कराया। इस अवसर पर शौर्य कंप्यूटर एजुकेशन के शैक्षणिक स्टाफ मनीषा जगत, सविता प्रधान एवं श्लोक दीक्षित भी उपस्थित रहे। उन्होंने छात्र-छात्राओं को संस्थान द्वारा संचालित निशुल्क कंप्यूटर प्रशिक्षण योजना की जानकारी दी तथा अधिक से अधिक विद्यार्थियों से इसका लाभ उठाने का आग्रह किया। भौतिक शास्त्र अतिथि व्याख्याता संजय रामटेके ने कहा कि इस आयोजन ने छात्रों में कंप्यूटर शिक्षा के प्रति नई जागरूकता और उत्साह का संचार किया।कार्यक्रम में महाविद्यालय के स्टाफ सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं की उत्साहपूर्ण उपस्थिति रही।

