मैनपुर। गरियाबंद जिले के मैनपुर क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग NH-130C पर शनिवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। मैनपुर से गौरघाट पैरी नदी के पास मार्ग पर अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा इतना भयावह था कि युवक का एक पैर पूरी तरह शरीर से अलग हो गया। यह राष्ट्रीय राजमार्ग अभनपुर से गरियाबंद होते हुए ओडिशा की ओर जाने वाला प्रमुख मार्ग है। 
युवक अपनी बाइक से मैनपुर की ओर आ रहा था, तभी गौरघाट पैरी नदी के समीप किसी अज्ञात तेज रफ्तार वाहन ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के बाद युवक सड़क पर गंभीर रूप से घायल अवस्था में पड़ा रहा। घटना की सूचना मिलते ही मैनपुर पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया।
पुलिस ने बिना देर किए 108 संजीवनी एंबुलेंस को सूचना दी, जिसके बाद घायल युवक को प्राथमिक उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मैनपुर पहुंचाया गया। चिकित्सकों के अनुसार युवक की हालत गंभीर बनी हुई है।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार दुर्घटनाग्रस्त बाइक का पंजीयन क्रमांक CG 19 B 4977 है। बाइक सवार युवक रोहित ठाकुर (सोनू) गांव महुआ भाठा (मैनपुर) का निवासी बताया जा रहा है। पुलिस उसकी पहचान और परिजनों से संपर्क करने के साथ ही दुर्घटना को अंजाम देने वाले अज्ञात वाहन की तलाश में जुट गई है।
मैनपुर पुलिस ने आसपास के लोगों से घटना के संबंध में जानकारी जुटानी शुरू कर दी है अन्य साक्ष्यों के आधार पर फरार वाहन की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस ने वाहन चालकों से राष्ट्रीय राजमार्ग पर सावधानीपूर्वक वाहन चलाने और दुर्घटना की स्थिति में तत्काल पुलिस व एंबुलेंस को सूचना देने की अपील की है।





