गरियाबंद |
छत्तीसगढ़ के गरियाबंद जिले में पुलिस ने अवैध हीरा तस्करी के खिलाफ एक बड़ी स्ट्राइक की है। थाना गरियाबंद और साइबर टीम की संयुक्त कार्रवाई में पड़ोसी राज्य ओडिशा के एक तस्कर को गिरफ्तार किया गया है। आरोपी के पास से 34 नग बेशकीमती हीरे बरामद किए गए हैं, जिनकी बाजार में कीमत करीब 9.20 लाख रुपये आंकी गई है।
नहरगांव स्कूल के पास बिछाया गया जाल
पुलिस को मुखबिर से पुख्ता सूचना मिली थी कि ग्राम नहरगांव तिराहा स्थित स्कूल के पास एक संदिग्ध व्यक्ति बहुमूल्य हीरों के साथ ग्राहक का इंतजार कर रहा है। गरियाबंद पुलिस कप्तान के निर्देश पर तत्काल एक स्पेशल टीम गठित की गई। टीम ने जब मौके पर घेराबंदी की, तो नीले हाफ पेंट और सफेद लाइनदार टी-शर्ट में खड़ा शख्स पुलिस को देखकर भागने की कोशिश करने लगा, जिसे जवानों ने दौड़ाकर दबोच लिया।
तलाशी में निकले 34 नग ‘चमकीले पत्थर’
गिरफ्तार आरोपी की पहचान बंशीधर सेठी (50 वर्ष), निवासी जिला कालाहांडी, ओडिशा के रूप में हुई है। तलाशी लेने पर उसके पास से अलग-अलग आकार के 34 नग चमकीले हीरे बरामद हुए। पुलिस ने हीरों के साथ-साथ तस्करी में इस्तेमाल होने वाला एक रेडमी मोबाइल भी जब्त किया है। कुल बरामदगी की कीमत 9.25 लाख रुपये बताई जा रही है।
प्रमुख बरामदगी और कानूनी कार्रवाई
जब्त हीरे: 34 नग (छोटे-बड़े) – कीमत ₹9,20,000
अन्य सामग्री: 01 रेडमी मोबाइल – कीमत ₹5,000
कुल मशरूका: ₹9,25,000
लगी धाराएं: भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 303(2) और खान एवं खनिज अधिनियम 1957 की धारा 21(4)।
पुलिस की सख्त चेतावनी
गरियाबंद पुलिस कप्तान ने स्पष्ट संदेश दिया है कि जिले में किसी भी तरह के अवैध कारोबार (चाहे वह हीरा हो या वन्यजीव) को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। संदिग्धों पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है और आने वाले दिनों में तस्करी के नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों पर भी गाज गिर सकती है।
इस महत्वपूर्ण कार्रवाई में थाना सिटी कोतवाली गरियाबंद और साइबर सेल की टीम ने विशेष भूमिका निभाई है। आरोपी बंशीधर सेठी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।


नहरगांव स्कूल के पास बिछाया गया जाल
प्रमुख बरामदगी और कानूनी कार्रवाई