देवभोग थाना क्षेत्र के कदलीमुड़ा गांव की घटना, छत पर मौजूद था परिवार
देवभोग । जिले में लगातार हो रही झमाझम बारिश के बीच देवभोग थाना क्षेत्र के ग्राम कदलीमुड़ा में एक मकान का छज्जा भरभराकर गिर गया। घटना के दौरान घर के परिवार के सदस्य छत के ऊपर मौजूद थे, लेकिन समय रहते वे सुरक्षित बच गए। इस घटना में एक बड़ी दुर्घटना टल गई।
क्षेत्र में हो रही लगातार तेज बारिश के कारण मकान का छज्जा कमजोर हो गया था। बारिश के बीच अचानक छज्जा गिरने से आसपास अफरा-तफरी का माहौल बन गया। घटना के समय परिवार के सदस्य छत पर मौजूद थे, जिससे स्थिति गंभीर हो सकती थी, हालांकि सभी सदस्य सुरक्षित बताए जा रहे हैं।
मकान के छज्जे का एक हिस्सा अभी भी क्षतिग्रस्त अवस्था में फंसा हुआ है। इससे दोबारा मलबा गिरने की आशंका बनी हुई है। ऐसे में परिवार के सदस्यों और आसपास के लोगों को सतर्क रहने की जरूरत है।
लगातार हो रही बारिश से देवभोग क्षेत्र सहित जिले के ग्रामीण इलाकों में जनजीवन प्रभावित हो रहा है। कच्चे एवं जर्जर मकानों में रहने वाले परिवारों के सामने बारिश के मौसम में खतरा बढ़ गया है। स्थानीय लोगों ने क्षतिग्रस्त मकान के हिस्से को जल्द सुरक्षित तरीके से हटाने और प्रभावित परिवार को आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है।


