गरियाबंद। जिले में तूफान और मूसलाधार बारिश के बीच जोबा-उर्तुली मार्ग पर एक विशाल पेड़ सड़क पर गिर गया। पेड़ गिरने से मार्ग पूरी तरह बंद हो गया और करीब दो घंटे तक दोनों ओर से आवागमन प्रभावित रहा।
ग्रामीणों ने रास्ता बंद होने की सूचना तत्काल डायल 112 टीम को दी। सूचना मिलते ही आरक्षक कृष्ण कुमार राय और वाहन चालक रामानंद निषाद मौके पर पहुंचे।
ग्रामीणों के सहयोग से हटाया गया पेड़
112 टीम ने स्थिति का जायजा लिया और ग्रामीणों के सहयोग से कुल्हाड़ी की व्यवस्था कर सड़क पर गिरे विशाल पेड़ को काटना शुरू किया। लगातार बारिश और खराब मौसम के बीच टीम एवं ग्रामीणों ने मिलकर पेड़ के हिस्सों को हटाया।
पेड़ हटाने की कार्रवाई पूरी होने के बाद जोबा-उर्तुली मार्ग पर दोबारा आवागमन शुरू कराया गया। रास्ता खुलने से दोनों ओर फंसे दोपहिया, चारपहिया और अन्य वाहन चालकों ने राहत की सांस ली।
112 टीम की तत्परता से खुला मार्ग
ग्रामीणों ने बताया कि अचानक पेड़ गिरने से रास्ता पूरी तरह बाधित हो गया था। ऐसे में डायल 112 टीम की त्वरित कार्रवाई और ग्रामीणों के सहयोग से समय रहते मार्ग को खोल दिया गया।
क्षेत्र में बारिश और तेज हवा के दौरान लोगों से सावधानी बरतने की अपील की गई है। प्रशासन ने लोगों को सलाह दी है कि खराब मौसम के समय पेड़ों के नीचे खड़े न हों और सड़क पर पेड़ गिरने या किसी आपात स्थिति की जानकारी तुरंत डायल 112 पर दें।


