सुरहोली-कुसमी मार्ग पर बरगद के पेड़ के नीचे मिले शव, पुलिस ने मर्ग कायम कर शुरू की जांच
बेमेतरा। बेरला थाना क्षेत्र के ग्राम सुरहोली-कुसमी मार्ग पर आकाशीय बिजली की चपेट में आने से दो मजदूरों की मौत हो गई। घटना के बाद पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। दोनों मजदूर सुरहोली क्षेत्र में टावर लगाने का कार्य कर रहे थे।
मृतकों की पहचान मनोज राजवंशी (26) और जगदीश राजवंशी (25) के रूप में हुई है। दोनों मूल रूप से पश्चिम बंगाल के मालदा जिले के निवासी थे। वे हाल में चौकी कंडरका क्षेत्र के ग्राम ढाबा में रहकर सुरहोली में टावर निर्माण कार्य में मजदूरी कर रहे थे।
साथ में काम करने वाले कर्मचारी पापन राजवंशी ने बताया कि मनोज और जगदीश मंगलवार सुबह करीब 8 बजे काम पर निकले थे। दोपहर करीब 1 बजे लंच के दौरान दोनों नाश्ता लेने के लिए ग्राम कुसमी की ओर गए थे। उस समय क्षेत्र में तेज बारिश के साथ आकाशीय बिजली चमक रही थी।
बताया गया कि दोपहर करीब 2 बजे दोनों मजदूर डी बाउली तालाब के पास बरगद के पेड़ के नीचे मृत अवस्था में मिले। प्रारंभिक जांच में मनोज राजवंशी के सिर और बाएं पैर में जलने के निशान पाए गए हैं, जबकि जगदीश राजवंशी के कपड़े बिजली गिरने के कारण जलकर फट गए थे।
घटना की सूचना मिलते ही चौकी कंडरका पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई की। दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस घटना के संबंध में जांच कर रही है।


