धमतरी। धमतरी पुलिस ने अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए पिछले चार वर्षों की सबसे बड़ी गांजा जब्ती को अंजाम दिया है। पुलिस ने लगभग 2.60 करोड़ रुपये मूल्य का 490.818 किलोग्राम गांजा बरामद करते हुए चार आरोपियों और एक विधि से संघर्षरत बालक को पकड़ा है। कार्रवाई के दौरान गांजा तस्करी में इस्तेमाल किए जा रहे एक महेन्द्रा पिकअप वाहन और एक मारुति स्विफ्ट कार को भी जब्त किया गया है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार थाना अर्जुनी पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक महेन्द्रा पिकअप वाहन क्रमांक CG-04-QH-0834 तथा एक मारुति स्विफ्ट कार क्रमांक CG-04-QA-3116 में बड़ी मात्रा में अवैध गांजा भरकर चारामा क्षेत्र से धमतरी की ओर ले जाया जा रहा है।
सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक धमतरी ने तत्काल नाकाबंदी के निर्देश दिए। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक और नगर पुलिस अधीक्षक के मार्गदर्शन में पुलिस टीम ने त्वरित रणनीति बनाते हुए क्षेत्र में सघन वाहन चेकिंग अभियान शुरू किया। पुलिस ने श्याम तराई फॉरेस्ट नाका के पास दोनों संदिग्ध वाहनों को आगे-पीछे से घेराबंदी कर रोक लिया।
वाहनों की तलाशी के दौरान महेन्द्रा पिकअप में रखी 13 प्लास्टिक बोरियों तथा स्विफ्ट कार में छिपाकर रखे गए पैकेटों सहित कुल 96 पैकेटों से 490.818 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद किया गया। बरामद गांजे की अनुमानित बाजार कीमत 2 करोड़ 45 लाख 40 हजार 900 रुपये आंकी गई है।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि स्विफ्ट कार मुख्य वाहन की पायलटिंग कर रही थी, ताकि रास्ते में पुलिस की गतिविधियों की जानकारी तस्करों तक पहुंचाई जा सके। दोनों वाहनों में सवार आरोपियों को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया, जबकि विधि से संघर्षरत बालक को किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष प्रस्तुत किया गया।
गिरफ्तार आरोपी
- नौशाद खान (29 वर्ष), मूल निवासी ग्राम बरनावा, थाना बिनोली, जिला बागपत (उत्तर प्रदेश), वर्तमान निवासी जगदलपुर।
- करण साहू (22 वर्ष), निवासी बोरिया अंतरामार्ट, अक्षर विहार, टिकरापारा, रायपुर।
- मोहम्मद शादिक (30 वर्ष), निवासी गोकुल नगर, टिकरापारा, रायपुर।
- हिमांशु साहू (20 वर्ष), निवासी पचपेड़ी नाका, रायपुर।
- एक विधि से संघर्षरत बालक।
प्रारंभिक पूछताछ में पुलिस को अंतर्राज्यीय गांजा तस्करी नेटवर्क से जुड़े महत्वपूर्ण सुराग मिले हैं। जांच में पता चला है कि आरोपी जगदलपुर क्षेत्र से गांजा लाकर रायपुर सहित अन्य शहरों में खपाने की तैयारी कर रहे थे।
धमतरी पुलिस के अनुसार यह जिले में पिछले चार वर्षों के दौरान गांजा तस्करी के खिलाफ की गई सबसे बड़ी कार्रवाई है। पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क से जुड़े अन्य आरोपियों और तस्करी के स्रोतों की जांच में जुटी हुई है।



