देहारगुड़ा/मैनपुर: सिल्वर जोन ओलम्पियाड (गणित विषय)-2025 में डीएवी मुख्यमंत्री पब्लिक स्कूल, देहारगुड़ा (मैनपुर) के विद्यार्थियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कुल 8 पदक अपने नाम किए हैं। इस उपलब्धि ने न केवल विद्यालय बल्कि पूरे क्षेत्र को गौरवान्वित किया है। छात्रों की सफलता से विद्यालय परिवार में खुशी और उत्साह का माहौल है।
3 स्वर्ण, 4 रजत और 1 कांस्य पदक हासिल
प्रतियोगिता में विद्यालय के विद्यार्थियों ने 3 स्वर्ण, 4 रजत और 1 कांस्य पदक जीतकर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया।
स्वर्ण पदक विजेताओं में दिव्यांश कन्नौजे (कक्षा 1), समीक्षा ध्रुवा (कक्षा 2) और लोकस्था साहू (कक्षा 4) शामिल हैं।
वहीं रजत पदक प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों में उर्वी वर्मा (कक्षा 1), अयांश गौर (कक्षा 1), अनिकेत बंजारे (कक्षा 2) और अल्फैज मेमन (कक्षा 4) का नाम प्रमुख है।
इसके अलावा अनिरुद्ध ध्रुव (कक्षा 1) ने कांस्य पदक हासिल कर विद्यालय का मान बढ़ाया।
संस्था प्रमुख ने दी बधाई
विद्यालय के संस्था प्रमुख श्री अजय नागेश ने विद्यार्थियों की इस सफलता पर हर्ष व्यक्त करते हुए कहा कि स्कूल में बच्चों को पढ़ाई के साथ-साथ विभिन्न शैक्षणिक और सह-शैक्षणिक गतिविधियों में भाग लेने के लिए निरंतर प्रेरित किया जाता है। उन्होंने बताया कि विद्यालय के छात्र न केवल शिक्षा बल्कि खेलकूद, वैज्ञानिक गतिविधियों और नवाचार के क्षेत्र में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रहे हैं।
लगातार बढ़ रही है विद्यालय की पहचान
विद्यालय के कई छात्र-छात्राएं राज्य स्तर तक अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर चुके हैं, जिससे संस्था की पहचान लगातार मजबूत हो रही है। यह उपलब्धि उसी निरंतर प्रयास और समर्पण का परिणाम है।
शिक्षकों ने बताया सफलता का मंत्र
विद्यालय के शिक्षकों के अनुसार विद्यार्थियों की यह सफलता उनकी कड़ी मेहनत, शिक्षकों के मार्गदर्शन और विद्यालय के सकारात्मक वातावरण का परिणाम है।
विद्यालय परिवार ने सभी विजेता विद्यार्थियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।


