ग्राम पारिद के सांस्कृतिक कार्यक्रम में हुए शामिल, सामाजिक एकता और लोकपरंपराओं को सहेजने का दिया संदेश
महासमुंद। ग्राम पारिद में आयोजित भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम में भाजपा किसान मोर्चा के प्रदेश कार्यसमिति सदस्य एवं राष्ट्रीय तेली कर्मा सेना के संस्थापक अशवंत तुषार साहू शामिल हुए। इस दौरान ग्रामीणों ने उनका आत्मीय स्वागत किया। उन्होंने ग्रामीणों से मुलाकात कर सांस्कृतिक प्रस्तुतियों का आनंद लिया और आयोजन की सराहना की।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अशवंत तुषार साहू ने कहा कि छत्तीसगढ़ की असली पहचान उसकी समृद्ध लोकसंस्कृति, परंपराओं और पारिवारिक संस्कारों में बसती है। गांवों में आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम हमारी पुरानी परंपराओं को जीवित रखने के साथ नई पीढ़ी को अपनी संस्कृति और विरासत से जोड़ने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं।
उन्होंने कहा कि परिवार ही संस्कारों की पहली पाठशाला है। बड़ों का सम्मान, छोटों के प्रति स्नेह, आपसी भाईचारा और समाज के प्रति जिम्मेदारी जैसे मूल्य परिवार से ही मिलते हैं। इन्हीं संस्कारों के आधार पर एक मजबूत और आदर्श समाज का निर्माण होता है।
उन्होंने आगे कहा कि सांस्कृतिक आयोजन समाज के विभिन्न वर्गों को एक मंच पर लाने का काम करते हैं। ऐसे आयोजनों से आपसी सद्भाव, सामाजिक एकता और भाईचारे को मजबूती मिलती है। ग्रामीण क्षेत्रों की प्रतिभाओं को मंच देना और लोककला को प्रोत्साहित करना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।
राष्ट्रीय तेली कर्मा सेना के संस्थापक के रूप में उन्होंने सामाजिक एकता, पारिवारिक मूल्यों और समाज के उत्थान पर जोर देते हुए कहा कि आने वाली पीढ़ियों को अपनी सांस्कृतिक विरासत और परंपराओं से जोड़कर रखना जरूरी है।
कार्यक्रम में मेघनाथ, सुखलाल, रामलाल, भोला, दिनेश, लोकेश एवं नेमीचंद सहित अनेक गणमान्य नागरिक और बड़ी संख्या में ग्रामवासी उपस्थित रहे। ग्रामीणों की उत्साहपूर्ण सहभागिता से पूरा आयोजन हर्षोल्लास और सांस्कृतिक उमंग से सराबोर रहा।


