फुसेरा डीह में सांस्कृतिक कार्यक्रम में शामिल हुए राष्ट्रीय तेली कर्मा सेना के संस्थापक, युवाओं से शिक्षा अपनाने और नशे से दूर रहने की अपील
राधे पटेल / गरियाबंद महासमुंद। गरीब और जरूरतमंद बच्चों की पढ़ाई पैसों की कमी के कारण अधूरी न रहे, इसके लिए राष्ट्रीय तेली कर्मा सेना ने उच्च शिक्षा में आर्थिक सहयोग करने का संकल्प लिया है। संगठन के संस्थापक एवं भाजपा किसान मोर्चा के प्रदेश कार्यसमिति सदस्य अशवंत तुषार साहू ने ग्राम फुसेरा डीह में आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम के दौरान यह घोषणा की। उन्होंने युवाओं से शिक्षा को प्राथमिकता देने और गांव को नशामुक्त बनाने में योगदान देने की अपील की।
ग्राम फुसेरा डीह में ग्रामीण समिति के तत्वावधान में सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किया गया था। इसमें अशवंत तुषार साहू अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस दौरान ग्रामीणों ने फूल-माला पहनाकर उनका स्वागत एवं सम्मान किया।
12वीं के बाद उच्च शिक्षा के लिए मिलेगा सहयोग
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अशवंत तुषार साहू ने कहा कि राष्ट्रीय तेली कर्मा सेना का उद्देश्य केवल सामाजिक एकता और संगठन को मजबूत करना नहीं, बल्कि समाज के गरीब एवं जरूरतमंद बच्चों का भविष्य संवारना भी है। संगठन की ओर से कक्षा 12वीं उत्तीर्ण करने के बाद कॉलेज में उच्च शिक्षा प्राप्त करने वाले आर्थिक रूप से कमजोर विद्यार्थियों को यथासंभव आर्थिक सहयोग दिया जाएगा, ताकि आर्थिक तंगी के कारण किसी भी बच्चे की पढ़ाई बीच में न छूटे।
उन्होंने कहा कि शिक्षा जीवन में आगे बढ़ने का सबसे मजबूत माध्यम है। गांव के बच्चे उच्च शिक्षा प्राप्त कर डॉक्टर, इंजीनियर, अधिकारी और जिम्मेदार नागरिक बनें, यही समाज की प्राथमिकता होनी चाहिए। प्रत्येक बच्चे को शिक्षा के समान अवसर मिलना जरूरी है।
नशे से दूर रहकर शिक्षा और रोजगार से जुड़ें युवा
साहू ने गांव को नशामुक्त बनाने का आह्वान करते हुए कहा कि नशा केवल व्यक्ति को ही नहीं, बल्कि पूरे परिवार और समाज को प्रभावित करता है। युवाओं को नशे से दूर रहकर शिक्षा, खेलकूद, रोजगार और रचनात्मक गतिविधियों से जुड़ना चाहिए। उन्होंने ग्रामीणों से अपील की कि वे अपने गांव को शिक्षित और नशामुक्त बनाने के लिए सामूहिक प्रयास करें।
उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय तेली कर्मा सेना का संकल्प शिक्षा, सामाजिक एकता और जनसेवा को बढ़ावा देना है।
कार्यक्रम में ग्रामीण समिति के अध्यक्ष भानु प्रताप ध्रुव, कोषाध्यक्ष शंकर लाल ध्रुव, पंच खिलावन ध्रुव, सुरेश ध्रुव, महेश ध्रुव, जितेश ध्रुव, भोलाराम साहू सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।


