गरियाबंद। कलेक्टर श्री बी.एस. उइके ने मंगलवार को जिला कार्यालय के सभाकक्ष में आयोजित समय-सीमा बैठक में विभिन्न विभागों की योजनाओं और लंबित प्रकरणों की समीक्षा की। बैठक में उन्होंने खरीफ सीजन की तैयारियों, शिक्षा व्यवस्था, राजस्व प्रकरणों, जनशिकायतों और सुशासन तिहार के दौरान प्राप्त आवेदनों के निराकरण को लेकर अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
बैठक में कलेक्टर ने कृषि विभाग से खाद एवं बीज की उपलब्धता की जानकारी लेते हुए किसानों को पर्याप्त मात्रा में उर्वरक और बीज उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। कृषि विभाग के अधिकारियों ने बताया कि जिले में लगभग 20 हजार टन उर्वरक प्राप्त हो चुका है और किसानों को नियमित रूप से वितरण किया जा रहा है। कलेक्टर ने प्रतिदिन खाद-बीज के उठाव और उपलब्ध स्टॉक की जानकारी जिला कार्यालय को भेजने के निर्देश दिए।
उन्होंने समर्थन मूल्य पर धान खरीदी से संबंधित खाली बारदानों की एंट्री सुनिश्चित करने को भी कहा। साथ ही सुशासन तिहार के दौरान प्राप्त सभी आवेदनों का गुणवत्तापूर्ण निराकरण 10 जून तक करने के निर्देश अधिकारियों को दिए।
स्कूलों और छात्रावासों की व्यवस्था सुधारने के निर्देश
नए शिक्षा सत्र के मद्देनजर कलेक्टर ने जिले के सभी स्कूलों, छात्रावासों और आश्रमों में साफ-सफाई, पेयजल, विद्युत व्यवस्था, पंखे, शौचालय और अन्य मूलभूत सुविधाओं की जांच कर आवश्यक मरम्मत कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बच्चों के स्वास्थ्य और सुरक्षा से किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
बैठक में विद्यार्थियों के आय, जाति और निवास प्रमाण पत्र, आधार कार्ड तथा अपार आईडी निर्माण की प्रगति की भी समीक्षा की गई। कलेक्टर ने राजस्व विभाग को विशेष शिविर लगाकर विद्यार्थियों के प्रमाण पत्र समय पर जारी करने के निर्देश दिए।
लंबित राजस्व प्रकरणों पर सख्ती
कलेक्टर ने राजस्व अधिकारियों को निर्देशित किया कि बारिश शुरू होने से पहले 15 जून तक लंबित सीमांकन प्रकरणों का निराकरण किया जाए। इसके लिए एसडीएम स्तर पर विशेष टीमों का गठन करने और शासकीय भूमि पर अवैध कब्जों तथा निर्माण कार्यों के खिलाफ कार्रवाई करने को कहा गया।
अवैध रेत परिवहन पर होगी कार्रवाई
बैठक में अवैध रेत भंडारण और परिवहन के मामलों की भी समीक्षा की गई। कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई करने तथा नियमित निगरानी रखने के निर्देश दिए।
इसके अलावा पीएम सूर्य घर योजना के तहत पात्र हितग्राहियों को लाभान्वित करने के लिए विशेष अभियान चलाने तथा सभी कार्यालय परिसरों में सोख्ता गड्ढों का निर्माण कर उनकी जियो-टैगिंग कराने के निर्देश भी दिए गए।
बैठक में जिला पंचायत सीईओ श्री प्रखर चंद्राकर, अपर कलेक्टर श्री पंकज डाहिरे, श्रीमती ऋषा ठाकुर सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।



