राधे पटेल | गरियाबंदउदंती-सीतानदी टाइगर रिजर्व में अवैध कटाई पर बड़ी कार्रवाई, 7 आरोपी गिरफ्तार
उदंती-सीतानदी टाइगर रिजर्व के रिसगांव परिक्षेत्र में वन विभाग ने अवैध कटाई और वन भूमि पर अतिक्रमण के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए सात आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि सभी आरोपी टाइगर रिजर्व के कोर एरिया स्थित आरक्षित वन कक्ष क्रमांक 158 में साल, बीजा एवं अन्य प्रजातियों के हरे पेड़ों की अवैध कटाई कर वन भूमि पर कब्जा कर खेती की तैयारी कर रहे थे। इस कार्रवाई के बाद सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
वन विभाग की प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, 15 जुलाई 2026 को उप संचालक के क्षेत्रीय भ्रमण के दौरान रिसगांव परिक्षेत्र के गाताबाहरा क्षेत्र में अवैध गतिविधियों की जानकारी मिली। जांच में पाया गया कि आरोपियों ने आरक्षित वन भूमि पर 132 साल, बीजा एवं अन्य प्रजातियों के हरे वृक्षों की गिर्डलिंग (छाल काटकर सुखाने का प्रयास) की थी तथा लगभग 4.129 हेक्टेयर वन भूमि पर जुताई कर मक्का की खेती के लिए अतिक्रमण किया गया था।
वन विभाग ने मामले में वन्यजीव (संरक्षण) अधिनियम, 1972 तथा भारतीय वन अधिनियम, 1927 की विभिन्न धाराओं के तहत अपराध दर्ज किया। इसके बाद 20 जुलाई 2026 को सभी सात आरोपियों को न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रथम श्रेणी, नगरी (धमतरी) की अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जिला जेल धमतरी भेज दिया गया।
कार्रवाई में परिक्षेत्र अधिकारी चंद्रबली ध्रुव, सहायक परिक्षेत्र अधिकारी बैकुंठ सिंह ठाकुर, वनपाल, वनरक्षक तथा रिसगांव परिक्षेत्र के पेट्रोलिंग दल ने संयुक्त रूप से महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। वन विभाग ने स्पष्ट किया है कि टाइगर रिजर्व के कोर क्षेत्र में अवैध कटाई, अतिक्रमण और वन्यजीवों के प्राकृतिक आवास को नुकसान पहुंचाने वालों के विरुद्ध आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।






