देवी स्थान में वर्षों पुरानी परंपरा का हुआ निर्वहन, भाजपा मंडल अध्यक्ष संतोष यादव और युवा मोर्चा महामंत्री नंदकिशोर चौबे हुए शामिल
राधे पटेल | गरियाबंदगरियाबंद। जिले के ग्राम जाड़ापदर में पारंपरिक आंवला पूजा का आयोजन श्रद्धा और भक्तिभाव के साथ किया गया। कार्तिक मास के पावन अवसर पर ग्राम के देवी स्थान में आयोजित इस धार्मिक कार्यक्रम में भाजपा मंडल अध्यक्ष संतोष यादव, युवा मोर्चा जिला महामंत्री नंदकिशोर चौबे सहित भाजपा कार्यकर्ताओं और बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने सहभागिता निभाई।
इस अवसर पर उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं ग्रामीणों ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर गांव की सुख-समृद्धि, खुशहाली और क्षेत्र की मंगलकामना की। सभी ने पारंपरिक रीति-रिवाजों के अनुसार पूजा में भाग लेकर अपनी धार्मिक आस्था प्रकट की।
वर्षों पुरानी परंपरा से जुड़ी ग्रामीणों की आस्था
ग्राम जाड़ापदर में वर्षों से चली आ रही आंवला पूजा की परंपरा ग्रामीण संस्कृति और धार्मिक मान्यताओं से जुड़ी हुई है। हिंदू धर्म में आंवले के वृक्ष को पवित्र माना जाता है और धार्मिक मान्यता के अनुसार इसमें भगवान विष्णु का वास होता है। इस पूजा के माध्यम से परिवार और समाज की सुख-शांति एवं समृद्धि की कामना की जाती है।
कार्यक्रम में उपस्थित जनप्रतिनिधियों ने कहा कि ऐसे धार्मिक आयोजन हमारी सांस्कृतिक विरासत को सहेजने के साथ-साथ सामाजिक एकता, आपसी भाईचारे और सद्भाव को मजबूत करते हैं। नई पीढ़ी को भी अपनी परंपराओं और संस्कृति से जुड़ने का अवसर मिलता है।
पूरे आयोजन में ग्रामीणों का उत्साह और श्रद्धा देखने को मिली। सामूहिक सहभागिता के साथ पारंपरिक आंवला पूजा का कार्यक्रम संपन्न हुआ।


