नॉर्थ जोन पुलिस का विशेष अभियान; 1.26 लाख रुपए जब्त, देशी कट्टा बरामद और 35 वारंट तामील
रायपुर। राजधानी में अपराध और अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए नॉर्थ जोन पुलिस ने एक सप्ताह तक विशेष अभियान चलाया। इस दौरान अलग-अलग मामलों में कुल 200 लोगों के खिलाफ कार्रवाई की गई। पुलिस ने जुआ खेलते 36 लोगों को पकड़ा और उनके कब्जे से 1 लाख 26 हजार 100 रुपए नकद तथा ताश की 52 पत्तियां जब्त कीं। वहीं, गुढ़ियारी क्षेत्र में एक आरोपी के पास से देशी कट्टा भी बरामद किया गया।
यह अभियान पुलिस उपायुक्त (नॉर्थ जोन) दीपमाला कश्यप के निर्देशन में चलाया गया। कार्रवाई के दौरान अवैध हथियार, शराब, जुआ और शांति व्यवस्था भंग करने वालों पर विशेष निगरानी रखी गई।
जुआ खेलते 36 लोग पकड़े गए
पुलिस ने जुआ एक्ट के तहत 6 मामले दर्ज कर 36 लोगों के खिलाफ कार्रवाई की। आरोपियों के कब्जे से 1,26,100 रुपए और ताश की 52 पत्तियां जब्त की गईं। इसके अलावा आर्म्स एक्ट के तहत 3 मामले दर्ज कर 3 आरोपियों पर कार्रवाई की गई। इनमें गुढ़ियारी में देशी कट्टा मिलने का मामला भी शामिल है।
शराब और प्रतिबंधित गतिविधियों पर भी कार्रवाई
अभियान के दौरान आबकारी एक्ट के तहत 8 मामलों में 8 लोगों के खिलाफ कार्रवाई की गई। वहीं, आबकारी अधिनियम की धारा 36(सी) के तहत 4 मामलों में 4 लोगों पर कार्रवाई हुई।
प्रतिबंधात्मक कार्रवाई में 156 लोग शामिल
शहर में शांति और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस ने प्रतिबंधात्मक धाराओं के तहत भी कार्रवाई की। बीएनएसएस की धारा 170 के तहत 70 मामलों में 71 लोगों और धारा 126/135(3) के तहत 78 मामलों में 85 लोगों के खिलाफ कार्रवाई की गई।
इसके अलावा अलग-अलग थानों में 35 वारंट तामील कराए गए। पुलिस के अनुसार, इस विशेष अभियान के दौरान कुल 200 लोगों के खिलाफ कार्रवाई की गई।
आगे भी जारी रहेगा अभियान
नॉर्थ जोन पुलिस का कहना है कि अवैध हथियार रखने वालों, शराब और जुआ जैसी गतिविधियों में शामिल लोगों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। पुलिस ने अपराध नियंत्रण और शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए ऐसे अभियान लगातार चलाने की बात कही है।




