विस्थापन का विरोध • ग्रामीणों ने कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन, पेसा और वन अधिकार कानून का दिया हवाला
गरियाबंद। विकासखंड गरियाबंद अंतर्गत ग्राम पंचायत पतोरादादर के आश्रित ग्राम सातधार के ग्रामीणों ने विस्थापन और पुनर्वास प्रक्रिया को लेकर कड़ा रुख अपनाया है। सामुदायिक वन संसाधन (CFR) प्राप्त ग्राम सभा सातधार ने कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर मांग की है कि बिना ग्राम सभा की पूर्व अनुमति के विस्थापन या पुनर्वास के लिए उनकी भूमि चिन्हित न की जाए।
ग्रामीणों ने ज्ञापन में स्पष्ट किया कि वे ग्राम सातधार के मूलनिवासी हैं और वर्तमान में पुनर्वास की प्रक्रिया चल रही है। ग्राम सभा ने सर्वसम्मति से यह निर्णय लिया है कि बिना उनकी पूर्व सहमति के किसी भी परिवार के पुनर्वास के लिए ग्राम सभा क्षेत्र की भूमि चिन्हित नहीं की जानी चाहिए। ग्रामीणों ने प्रशासन का ध्यान पांचवीं अनुसूची और विभिन्न केंद्रीय कानूनों की ओर आकृष्ट करते हुए इसे संवैधानिक अधिकारों का मामला बताया है।

ग्राम सभा ने गिनाए ये 5 कानूनी आधार
पेसा अधिनियम, 1996 (धारा 4-छ): अनुसूचित क्षेत्रों में भूमि अधिग्रहण व पुनर्वास से पहले ग्राम सभा से परामर्श और सहमति लेना अनिवार्य है।
वन अधिकार अधिनियम, 2006 (धारा 4-5): बिना ग्राम सभा की अनुमति के किसी भी वनवासी को उसकी वन भूमि से बेदखल या विस्थापित नहीं किया जा सकता।
वन अधिकार अधिनियम, 2006 (धारा 5): ग्राम सभा को अपने क्षेत्र के जल, जंगल और जमीन की रक्षा करने का पूर्ण अधिकार है।
भूमि अधिग्रहण अधिनियम, 2013 (धारा 41 व 42): अनुसूचित क्षेत्र में भूमि अधिग्रहण के लिए ग्राम सभा की पूर्व सहमति अनिवार्य है; बिना सहमति के किया गया अधिग्रहण अवैध माना जाएगा।
भारतीय संविधान (अनुच्छेद 244-1 व पांचवीं अनुसूची): अनुसूचित क्षेत्रों में ग्राम सभा को विशेष संवैधानिक अधिकार प्राप्त हैं।
ज्ञापन सौंपने में ये रहे मौजूद इस दौरान ग्राम सभा अध्यक्ष अमृत लाल सोम, सामुदायिक वन संसाधन प्रबंधन अध्यक्ष अंतराम और ग्राम सभा सचिव अजित राम की अगुवाई में बड़ी संख्या में ग्रामीण व सामाजिक कार्यकर्ता मौजूद रहे। इनमें जय बूढ़ा देव कोसामहीन दाई ग्राम सभा फेडरेशन के अध्यक्ष उत्तम ध्रुव, सचिव अमृत ध्रुव, कोषाध्यक्ष संतोष ध्रुव, सातधार के प्रमुख सियान एवं उपसरपंच सुखचंद सोरी, गांव पटेल झांकर चिंता राम सोरी, मोहन, पूरन, गौतम, गणेश नेताम, करतर, धनसिंह, सोमलाल तथा एकता परिषद से जानकी जगत, हिरोंदी नेताम, दिलेश नेताम और दयावती नागेश प्रमुख रूप से शामिल थे।


