कलश यात्रा, राउत नाचा और आकर्षक झांकियों ने मोहा मन; छत्तीसगढ़ और ओडिशा के कलाकारों ने दी शानदार प्रस्तुतियां
नगरी। महानदी के सप्त ऋषियों के तपोस्थल एवं श्री मुचकुंद ऋषि की पावन भूमि ग्राम तुमडीबहार में दीपावली के अवसर पर प्रथम वर्ष मातर महोत्सव धूमधाम और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। यादव समाज तुमडीबहार एवं समस्त ग्रामवासियों के सहयोग से श्री राधा-कृष्ण मंदिर, यादव भवन में आयोजित इस महोत्सव में बड़ी संख्या में ग्रामीणों और क्षेत्रवासियों ने हिस्सा लिया। पूरे आयोजन में लोक संस्कृति, परंपरा और सामाजिक एकजुटता की झलक देखने को मिली।
भव्य कलश यात्रा से हुआ महोत्सव का शुभारंभ
महोत्सव की शुरुआत भव्य कलश यात्रा, राउत नाचा और आकर्षक झांकियों के साथ हुई। शोभायात्रा सहाड़ा देव से प्रारंभ होकर माता देवालय पहुंची, जहां ग्राम की सुख-समृद्धि और खुशहाली के लिए पूजा-अर्चना की गई। इसके बाद शोभायात्रा पूरे गांव का भ्रमण करते हुए राधा-कृष्ण मंदिर स्थित यादव भवन पहुंची। इसमें बड़ी संख्या में ग्रामवासी, सामाजिक जन और क्षेत्र के लोग शामिल हुए।
भटगांव की राउत टोली की प्रस्तुति ने जीता दिल
कार्यक्रम स्थल पर भगवान श्री राधा-कृष्ण और गोवर्धन भगवान की विधिवत पूजा-अर्चना कर गांव एवं क्षेत्र की मंगलकामना की गई। इसके बाद अतिथियों और सामाजिक जनप्रतिनिधियों का स्वागत-सम्मान किया गया।
महोत्सव में अलग-अलग क्षेत्रों से पहुंची आठ राउत नाचा एवं झांकी टोलियों ने अपनी शानदार प्रस्तुतियां दीं। इनमें भटगांव की राउत टोली का प्रदर्शन विशेष आकर्षण का केंद्र रहा। पारंपरिक वेशभूषा, साज-सज्जा, आकर्षक झांकी और मनमोहक नृत्य ने दर्शकों का खूब मनोरंजन किया। वहीं मोहरा मगरलोड और पंचूराम यादव की टीम नाहनबिरी, मैनपुर की बांसगीत प्रस्तुतियों ने भी लोगों को खूब आनंदित किया। पारंपरिक लोकगीतों और नृत्य की धुन पर दर्शक झूमते नजर आए।
छत्तीसगढ़ और ओडिशा के कलाकारों ने जमाया रंग
महोत्सव में रात्रिकालीन मनोरंजन के लिए डीजे डांस कार्यक्रम भी आयोजित किया गया। इसमें छत्तीसगढ़ के विभिन्न क्षेत्रों के साथ पड़ोसी राज्य ओडिशा से पहुंचे कलाकारों ने अपनी आकर्षक प्रस्तुतियां दीं। देर रात तक चले इस कार्यक्रम में दर्शकों का उत्साह देखते ही बन रहा था।
अंत में सभी कलाकारों का सम्मान किया गया। प्रथम वर्ष आयोजित मातर महोत्सव ने तुमडीबहार में यादव समाज की पारंपरिक संस्कृति, लोककला और सामाजिक एकता का सुंदर संदेश दिया।



