छत्तीसगढ़िया क्रांति सेना और पत्रकार महासंघ सहित विभिन्न संगठन होंगे शामिल, लोकसंस्कृति, भाषा और छत्तीसगढ़ महतारी की अस्मिता को समर्पित होगा आयोजन
रायपुर। छत्तीसगढ़ की लोकसंस्कृति, भाषा, परंपरा और क्षेत्रीय अस्मिता को एक मंच पर लाने के उद्देश्य से 29 नवंबर को राजधानी रायपुर में पहली बार ‘छत्तीसगढ़िया स्वाभिमान महापरब’ का आयोजन किया जाएगा। इस महाआयोजन में छत्तीसगढ़िया क्रांति सेना (CKS), छत्तीसगढ़िया पत्रकार महासंघ सहित विभिन्न छत्तीसगढ़िया संगठन एकजुट होकर प्रदेश की सांस्कृतिक विरासत की झांकी प्रस्तुत करेंगे।
आयोजकों के अनुसार, राज्य निर्माण के 26वें वर्ष में प्रदेश की सांस्कृतिक पहचान और सामाजिक विरासत पर आत्ममंथन करने के उद्देश्य से इस आयोजन की परिकल्पना की गई है। इसका प्रमुख लक्ष्य आम छत्तीसगढ़िया समाज में छत्तीसगढ़ महतारी के प्रति गौरव, स्वाभिमान और अपनी सांस्कृतिक पहचान की भावना को मजबूत करना है।
लोकसंस्कृति और क्षेत्रीय अस्मिता पर होगा विशेष जोर

छत्तीसगढ़िया क्रांति सेना के प्रदेश संरक्षक ठाकुर राम गुलाम सिंह ने प्रदेशवासियों को इस आयोजन में शामिल होने का आमंत्रण दिया है। उन्होंने इसे छत्तीसगढ़ का देसी राज्योत्सव बताते हुए कहा कि यहां प्रदेश की विविध लोकसंस्कृतियों की झलक और छत्तीसगढ़ महतारी की अस्मिता से जुड़े विषयों को प्रमुखता से प्रस्तुत किया जाएगा।
वहीं, छत्तीसगढ़िया पत्रकार महासंघ के प्रदेश अध्यक्ष गजेंद्ररथ ‘गर्व’ ने आयोजन को पूरी तरह सामाजिक और सांस्कृतिक बताते हुए कहा कि इसका उद्देश्य युवाओं को सही दिशा देना और सामाजिक ऊर्जा को सकारात्मक कार्यों से जोड़ना है। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ अपनी सांस्कृतिक विविधता के लिए जाना जाता है। यहां की पहचान कोस-कोस पर बदलती बोली और पांच कोस पर बदलते पानी में दिखाई देती है।
उन्होंने सरगुजा से बैलाडीला तक फैली सांस्कृतिक विविधता का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रदेश की इस अनमोल विरासत को समझने और नई पीढ़ी तक पहुंचाने की जरूरत है। मीडिया की भी इसमें महत्वपूर्ण भूमिका है।
भाषा और संस्कृति के संरक्षण के लिए एकजुटता की अपील
‘मोर चिन्हारी छत्तीसगढ़ी’ की लता राठौर ने कहा कि प्रदेश की भाषाई अस्मिता को सांस्कृतिक विविधताओं के बीच सहेजना जरूरी है। ऐसे आयोजनों से नई पीढ़ी में अपनी भाषा, संस्कृति और परंपराओं के प्रति जागरूकता बढ़ती है। उन्होंने प्रदेश की माताओं और बहनों से महापरब में शामिल होने की अपील की।
छत्तीसगढ़िया क्रांति सेना के प्रदेश प्रवक्ता गजेंद्ररथ गर्व ने स्पष्ट किया कि यह आयोजन किसी राजनीतिक उद्देश्य से नहीं, बल्कि सामाजिक, सांस्कृतिक और प्रादेशिक अस्मिता को समर्पित है। उन्होंने प्रदेश के नागरिकों, मीडिया प्रतिनिधियों और सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स से कार्यक्रम का प्रचार-प्रसार करने तथा अधिक से अधिक लोगों को इसमें शामिल होने के लिए आमंत्रित करने का आग्रह किया।
आयोजकों को उम्मीद है कि यह महापरब छत्तीसगढ़ की लोककला, भाषा, परंपराओं और सांस्कृतिक एकता को नई पहचान देने का माध्यम बनेगा।



