मुख्य बिंदु:
दशपुर में 500 और कोसमी-मैनपुर में 200 से अधिक साल (सरई) वृक्षों का सफाया।
बाहर से हरियाली दिखाने के लिए सड़क किनारे के पेड़ छोड़े, जंगल के अंदर चल रही अंधाधुंध कटाई।
दफ्तरों तक सीमित हैं वनकर्मी, डीएफओ और रेंजर का रटा-रटाया जवाब— ‘जांच करवाते हैं’।
राधे पटेल / गरियाबंदगरियाबंद। जंगलों के संरक्षण और संवर्धन के लिए वन विभाग भले ही करोड़ों रुपये खर्च कर रहा हो, लेकिन गरियाबंद के सामान्य वनमंडल में इन दिनों वन संपदा की खुलेआम लूट मची है। नवागढ़ और मैनपुर रेंज में वन माफिया और अतिक्रमणकारी बेखौफ होकर बेशकीमती साल (सरई) और अन्य इमारती लकड़ियों की कटाई कर रहे हैं। पिछले 15 दिनों से जंगलों में कुल्हाड़ियां चल रही हैं, लेकिन मैदानी वन अमला और अधिकारी कुंभकर्णी नींद में सोए हुए हैं। जिले के तीन अलग-अलग क्षेत्रों से सामने आए कटाई के मामलों ने वन विभाग की गश्त और सुरक्षा व्यवस्था की पोल खोलकर रख दी है।




दशपुर के जंगल में 500 से ज्यादा विशालकाय पेड़ों की बलि
सबसे खौफनाक मंजर ग्राम दशपुर से लगे जंगल का है। यहां अतिक्रमणकारियों ने 500 से अधिक विशालकाय साल और मिश्रित प्रजाति (कर्रा, सेन्हा, गिरची) के बेशकीमती पेड़ों की अंधाधुंध कटाई कर दी है। मौके के हालात बताते हैं कि कक्ष क्रमांक 646 में कुछ पेड़ 15 दिन पहले काटे गए हैं, तो कुछ पर हाल ही दिनों में कुल्हाड़ी चली है।
किसानों की फसल तैयार होने के बाद के खाली समय का फायदा उठाकर तेजी से वनों पर अतिक्रमण किया जा रहा है। 500 पेड़ों के कट जाने के बाद भी बीट प्रभारी और डिप्टी रेंजर को भनक तक न लगना यह साबित करता है कि वनकर्मी गश्त करने के बजाय अपने मुख्यालयों और दफ्तरों की कुर्सियों तक ही सीमित हैं। साथ ही कक्ष क्रमांक 641, 642 में लगातार पेड़ो की कटाई जारी है और सबसे महत्वपूर्ण बात यह है की कक्ष क्रमांक 660 में पौधा रोपण के दौरान लगाए बेसकीमती सागौन पेड़ो की अंधाधुन कटाई अभी भी जारी है।


बाहर हरियाली का भ्रम, गरियाबंद के अंदरूनी जंगल में 100 से अधिक पेड़ साफ
सामान्य वन मंडल मैनपुर के कक्ष क्रमांक 1003 और 1006 में भी बड़े पैमाने पर अवैध कटाई का मामला सामने आया है। अतिक्रमणकारियों ने बड़ी चालाकी से सड़क किनारे के पेड़ों को छोड़ दिया है ताकि बाहर से जंगल हरा-भरा नजर आए, जबकि अंदरूनी हिस्सों में 100 से अधिक छोटे-बड़े साल के पेड़ काटे जा चुके हैं। यह सिलसिला पिछले 15 दिनों से जारी है, लेकिन विभागीय गश्ती दल को इसकी कोई जानकारी नहीं मिली।


करोड़ों के संरक्षण कार्यों पर सवाल: कोसमी में भी कटाई
नवागढ़ परिक्षेत्र अंतर्गत कोसमी के कक्ष क्रमांक 701/2 में भी बल्ली के आकार के 100 से अधिक बेशकीमती साल वृक्ष काटे गए हैं। वन विभाग द्वारा यहां मिट्टी और जल संरक्षण के लिए कंटूर ट्रेंच तथा कैटल प्रूफ ट्रेंच (सीपीटी) जैसे कार्यों पर करोड़ों रुपये खर्च किए जा रहे हैं। स्थानीय ग्रामीणों का सीधा सवाल है कि जब जंगल में पेड़ ही सुरक्षित नहीं रहेंगे, तो इन निर्माण कार्यों का क्या औचित्य है? ग्रामीणों की शिकायत के बाद ही यह मामला सामने आ सका।
अफसरों के रटे-रटाए जवाब इतने बड़े पैमाने पर वन संपदा के विनाश के बावजूद जिम्मेदार अधिकारियों के पास केवल जांच का आश्वासन ही है:
“मामले की जानकारी मिली है, मैं इस पूरे प्रकरण को दिखवाता हूं। अभी मैं इस पूरे विषय पर जांच करवाता हूं।” — मयंक पांडेय, डीएफओ (DFO), सामान्य वन मंडल, गरियाबंद
“आपके माध्यम से कक्ष क्रमांक 701/2 में कटाई की जानकारी मिली है। मामले को संज्ञान में लेते हुए स्टाफ को तत्काल मौके पर भेजकर जांच करवाता हूं।” — बी.एल. सोरी, रेंजर, नवागढ़ रेंज
जांच और कार्रवाई पर टिकी नजरें
वन क्षेत्रों में गश्त के नाम पर हो रही इस गंभीर चूक ने सामान्य वनमंडल के अस्तित्व पर सवाल खड़े कर दिए हैं। अब सवाल यह उठता है कि क्या वन विभाग केवल मौके का मुआयना कर खानापूर्ति करेगा, या कुंभकर्णी नींद में सोए लापरवाह मैदानी कर्मचारियों और अवैध कटाई करने वालों पर कोई सख्त कार्रवाई होगी? पर्यावरण और वन्यजीवों के प्राकृतिक आवास को जिस तरह उजाड़ा जा रहा है, उसे रोकने के लिए कागजी कार्रवाई से बाहर निकलकर मैदानी हकीकत सुधारने की सख्त जरूरत है।
आगे गरियाबंद जिले के अंतर्गत अनेको कक्ष क्रमांको की खबरे जल्द ही प्रकासित कि जाएगी ; ताकि वनो के बचाव को लेकर न्यूज़ वेब टीम की पहल साकार हो


