राधे पटेल / गरियाबंद मैनपुर। देवउठनी एकादशी के पावन अवसर पर मैनपुर में भगवान शालिग्राम एवं तुलसी माता का विवाह पारंपरिक रीति-रिवाजों और वैदिक मंत्रोच्चार के साथ विधि-विधानपूर्वक संपन्न कराया गया। इस धार्मिक आयोजन में श्रद्धालुओं ने उत्साह और भक्तिभाव से हिस्सा लिया। विवाह की रस्मों के दौरान पूजा-अर्चना कर परिवार की सुख-समृद्धि, शांति और खुशहाली की कामना की गई।
दुर्गा मंदिर के पुजारी पंडित योगेश शर्मा ने बताया कि धार्मिक मान्यताओं के अनुसार देवउठनी एकादशी के दिन भगवान विष्णु चार माह की योगनिद्रा से जागृत होते हैं। इसी के साथ चातुर्मास का समापन होता है और हिंदू धर्म में विवाह सहित अन्य मांगलिक कार्यों की शुरुआत मानी जाती है। तुलसी विवाह को धार्मिक दृष्टि से अत्यंत शुभ माना गया है।
इसी मान्यता के चलते श्रद्धालुओं ने तुलसी माता को देवी स्वरूप मानकर उनका श्रृंगार किया और भगवान शालिग्राम के साथ विवाह की रस्में पूरी कीं। पूरे आयोजन के दौरान धार्मिक उल्लास और भक्तिमय वातावरण बना रहा। लोगों ने पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ इस पर्व को मनाया।


