सप्लायर की निशानदेही पर वन विभाग की कार्रवाई, जंगल में बिछाए जा रहे विस्फोटक बमों से वनकर्मियों और ग्रामीणों की जान को खतरा
धमतरी। उदंती-सीतानदी टाइगर रिजर्व के सीतानदी अभयारण्य अंतर्गत रिसगांव परिक्षेत्र में पोटाश बम से जंगली सुअर के अवैध शिकार के मामले में वन विभाग को बड़ी सफलता मिली है। मामले में विस्फोटक सामग्री सप्लाई करने वाले आरोपी की निशानदेही पर वन विभाग ने दो और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर जिला जेल धमतरी भेज दिया गया है। वहीं, 20 नवंबर 2026 को न्यायालय ने दोनों की जमानत याचिका खारिज कर दी।
ओडिशा सीमा पर विस्फोटक से किया था शिकार
मामला 29 सितंबर 2026 का है। छत्तीसगढ़-ओडिशा सीमा से लगे आरक्षित वन क्षेत्र के कक्ष क्रमांक 254-255 (चिखलापानी) में आरोपियों ने पोटाश बम का इस्तेमाल कर एक नर जंगली सुअर का शिकार किया था। वन अपराध प्रकरण क्रमांक 70/22 के तहत कार्रवाई करते हुए वन विभाग ने ओडिशा के चार आरोपियों और कोंडागांव निवासी पोटाश बम सप्लायर भारत राठौर को पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था।
सप्लायर भारत राठौर के घर की तलाशी के दौरान वन विभाग को अलग-अलग प्रकार की संदिग्ध विस्फोटक सामग्री भी मिली थी।
जेल में पूछताछ के बाद सामने आए नए नाम
मामले की जांच के दौरान 5 नवंबर 2026 को न्यायालय की अनुमति से वन विभाग की एंटी-पोचिंग टीम ने जिला जेल धमतरी में बंद आरोपियों से पूछताछ की। इस दौरान उपनिदेशक वरुण जैन सहित विभागीय अधिकारियों की टीम मौजूद रही।
पूछताछ में पोटाश बम सप्लायर भारत राठौर ने बम बनाने और विस्फोटक सामग्री के लेन-देन में शामिल अपने अन्य साथियों के नाम बताए। इसके आधार पर वन विभाग ने 17 नवंबर को दो आरोपियों को उनके गृहग्राम से हिरासत में लेकर पूछताछ की।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान इस प्रकार है:
जोहरू नेताम (40 वर्ष): निवासी कोरहोबेड़ा, जिला कोंडागांव।
मनकलाल मरकाम (37 वर्ष): निवासी मुकुंदपुर, जिला धमतरी।
वन विभाग के अनुसार, दोनों आरोपी विस्फोटक पदार्थों के लेन-देन और वन्यप्राणी के अवैध शिकार से जुड़े मामले में संलिप्त पाए गए। इसके बाद उन्हें गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से न्यायिक रिमांड पर जिला जेल धमतरी भेज दिया गया।
सप्लायर के खिलाफ थाने में भी दर्ज हुई FIR
आरोपी भारत राठौर के घर से तलाशी के दौरान बरामद संदिग्ध विस्फोटक सामग्री के मामले में पुलिस ने भी अलग से कार्रवाई की है। विश्रामपुरी थाने में 6 नवंबर 2026 को एफआईआर क्रमांक 0092 दर्ज की गई। पुलिस द्वारा विस्फोटक सामग्री से संबंधित कानूनी प्रावधानों के तहत जांच एवं कार्रवाई की जा रही है।
जंगल में बिछाए जा रहे बम, गश्ती दल और ग्रामीणों की जान को खतरा
वन विभाग की जांच में सामने आया है कि आरोपी वन्यप्राणियों के शिकार के लिए जंगल के अलग-अलग हिस्सों में पोटाश बम लगा रहे थे। इससे वन्यप्राणियों के साथ-साथ जंगल में गश्त करने वाले पुलिस जवानों, वन कर्मचारियों और आम नागरिकों की जान को भी गंभीर खतरा पैदा हो गया है।
टाइगर रिजर्व प्रबंधन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों और गोपनीय सूचनाओं के आधार पर गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश तेज कर दी है। विभाग का मानना है कि जांच के दौरान इस नेटवर्क से जुड़े कुछ और महत्वपूर्ण सुराग सामने आ सकते हैं।
वन विभाग का उद्देश्य: उदंती-सीतानदी टाइगर रिजर्व के कोर क्षेत्र में वन्यजीवों के अवैध शिकार पर रोक लगाना और विस्फोटक सामग्री के अवैध इस्तेमाल से होने वाले संभावित हादसों को रोकना है।




