रायपुर। राजधानी रायपुर के डीडी नगर थाना क्षेत्र के डंगनिया में सूने मकान को निशाना बनाकर चोरी करने वाले तीन आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से करीब 1.50 लाख रुपये कीमत के सोने-चांदी के आभूषण, 6 घड़ियां और वारदात में इस्तेमाल की गई पल्सर बाइक जब्त की गई है। गिरफ्तार आरोपियों में से दो पहले भी चोरी, लूट और आर्म्स एक्ट के मामलों में जेल जा चुके हैं।
पुलिस के मुताबिक, डंगनिया निवासी स्वरोचिष मिश्रा 22 अक्टूबर की रात अपने घर में ताला लगाकर बाहर गए थे। 23 अक्टूबर की सुबह जब वे वापस लौटे तो घर के दरवाजों के ताले टूटे हुए मिले। अंदर कमरों का सामान बिखरा पड़ा था। चोरों ने अलमारी का दरवाजा और लॉकर तोड़कर उसमें रखे सोने-चांदी के आभूषण और नकदी पार कर दी थी।
घटना की शिकायत मिलने पर डीडी नगर थाना पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 331(4) और 305(ए) के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की।
CCTV फुटेज और पुराने अपराधियों की गतिविधियों से मिला सुराग
चोरी की घटना को गंभीरता से लेते हुए एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट तथा डीडी नगर पुलिस की संयुक्त टीम गठित की गई। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और आसपास के लोगों से पूछताछ की। इसके अलावा क्षेत्र के सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले गए।
जांच के दौरान पुलिस ने पहले चोरी और नकबजनी के मामलों में शामिल रहे आरोपियों के साथ हाल ही में जेल से छूटे लोगों की गतिविधियों पर भी नजर रखी। इसी बीच सूचना मिली कि टिकरापारा के मोतीनगर निवासी यशवंत उर्फ लक्की दास मानिकपुरी को कुछ लोगों के साथ घटना वाली रात घटनास्थल के आसपास संदिग्ध हालत में देखा गया था।
पूछताछ में तीनों ने कबूली चोरी
पुलिस ने संदेह के आधार पर यशवंत उर्फ लक्की दास मानिकपुरी को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में उसने अपने साथी शेख मोसिन उर्फ अल्ताफ और परमेश्वर निर्मलकर उर्फ बाबा के साथ मिलकर चोरी करना स्वीकार किया। इसके बाद पुलिस ने दोनों अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया।
डेढ़ लाख का सामान और वारदात में इस्तेमाल बाइक जब्त
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी किए गए सोने-चांदी के आभूषण, 6 घड़ियां और वारदात में इस्तेमाल की गई पल्सर बाइक (CG 07 LU 4432) जब्त की है। जब्त सामान की कुल कीमत करीब 1.50 लाख रुपये बताई गई है।
पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।


