संतोषजनक जवाब नहीं मिला तो निलंबन का प्रस्ताव भेजा जाएगा
मैनपुर। मैनपुर विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत भाटापानी स्थित ज्ञान ज्योति प्राथमिक शाला (कामारपारा) में सहायक शिक्षक (एल.बी.) सतीश कुमार दुबे के शराब पीकर स्कूल पहुंचने और मध्याह्न भोजन में लापरवाही की घटना के बाद शिक्षा विभाग ने सख्त कार्रवाई शुरू कर दी है।
भास्कर में खबर प्रकाशित होने के बाद विकासखंड शिक्षा अधिकारी (बीईओ) मैनपुर देवनाथ बघेल ने गुरुवार को आरोपी शिक्षक को पत्र क्रमांक 869 के माध्यम से कारण बताओ नोटिस जारी कर दिया। नोटिस में कहा गया है कि दिनांक 03 सितंबर 2026 को शिक्षक स्कूल में नशे की हालत में पाए गए थे। इसके अलावा बच्चों को मध्याह्न भोजन मेन्यू के अनुसार हरी सब्जी न देकर केवल दाल-चावल खिलाया जा रहा था।
पूरी खबर पढ़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें

बीईओ ने इस कृत्य को शासकीय कर्तव्य के प्रति घोर लापरवाही और विभाग की छवि धूमिल करने वाला बताया है। साथ ही इसे छत्तीसगढ़ सिविल सेवा आचरण नियम 1965 का स्पष्ट उल्लंघन माना गया है।

नोटिस में शिक्षक सतीश कुमार दुबे को निर्देश दिया गया है कि वे तत्काल बीईओ के समक्ष व्यक्तिगत रूप से उपस्थित होकर अपना स्पष्टीकरण प्रस्तुत करें। चेतावनी दी गई है कि यदि निर्धारित समय में संतोषजनक और समाधानकारक जवाब नहीं दिया गया तो उनके खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई करते हुए निलंबन का प्रस्ताव उच्च कार्यालय को भेज दिया जाएगा। इसकी जिम्मेदारी स्वयं शिक्षक की होगी।
इस सूचना की प्रति जिला शिक्षा अधिकारी गरियाबंद और संकुल प्राचार्य भूतबेड़ा को भी भेज दी गई है। शिक्षा विभाग की इस कार्रवाई से स्पष्ट है कि स्कूल में लापरवाही और अनुशासनहीनता को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

