करील-पुटू लेने साथियों के साथ सावंतपुर जंगल गया था युवक, चीख सुनकर डर के मारे गांव लौटे साथी; वन विभाग ने ग्रामीणों को जंगल नहीं जाने की दी सलाह
मुंगेली। अचानकमार टाइगर रिजर्व (ATR) के बफर जोन क्षेत्र में सोमवार सुबह जंगली जानवर के हमले में एक युवक की मौत हो गई। घटना सावंतपुर जंगल की बताई जा रही है। युवक अपने साथियों के साथ जंगल में करील और पुटू लेने गया था। इसी दौरान वह साथियों से अलग हो गया। कुछ देर बाद साथियों ने उसकी चीख सुनी और जंगल से जंगली जानवर की आवाज आने पर घबराकर गांव लौट आए। घटना की सूचना मिलने के बाद वन विभाग और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
बांधा गांव निवासी धरमजीत दास (21) पिता राजेन्द्र घृतलहरे सोमवार सुबह करीब 8 बजे अपने साथियों के साथ सावंतपुर जंगल गया था। जंगल में पहुंचने के बाद सभी युवक अलग-अलग होकर करील-पुटू की तलाश करने लगे। इसी दौरान साथियों को धरमजीत के चीखने की आवाज सुनाई दी। साथ ही जंगल से बाघ जैसी आवाज भी सुनाई देने की बात सामने आई।
आवाज सुनकर साथियों ने धरमजीत को पुकारा, लेकिन उसकी ओर से कोई जवाब नहीं मिला। जंगल में बाघ की मौजूदगी की आशंका के चलते अन्य युवक डर गए और गांव की ओर लौट आए। गांव पहुंचकर उन्होंने ग्रामीणों को घटना की जानकारी दी। इसके बाद वन विभाग को सूचना दी गई।
मौके पर पहुंची वन विभाग की टीम
सूचना मिलते ही वन विभाग के कर्मचारी घटनास्थल पर पहुंचे। टीम ने जंगल में घटनास्थल का निरीक्षण किया और युवक की मौत से जुड़े साक्ष्य जुटाए। उपलब्ध रिपोर्टों के अनुसार, मौत के लिए बाघिन के हमले की आशंका जताई जा रही है, हालांकि वन विभाग की जांच के बाद ही हमलावर वन्यजीव की आधिकारिक पुष्टि होगी।
वन विभाग द्वारा शव को सावंतपुर बेरियर की ओर लाया गया। पोस्टमार्टम और विभागीय जांच के बाद मौत के कारण तथा घटना से जुड़े अन्य तथ्यों की स्थिति स्पष्ट होगी।
गांव में पसरा मातम
युवक की मौत की खबर मिलते ही बांधा गांव में मातम का माहौल है। परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है। ग्रामीणों में भी घटना के बाद दहशत है। जंगल में बाघ की मौजूदगी की आशंका को देखते हुए आसपास के गांवों के लोगों में चिंता बढ़ गई है।
वन विभाग ने जंगल जाने से किया मना
वन विभाग ने आसपास के ग्रामीणों से फिलहाल जंगल में जाने से बचने की अपील की है। विभाग ने विशेष रूप से लोगों को अकेले जंगल में नहीं जाने और वन्यजीवों की मौजूदगी वाले क्षेत्रों से दूरी बनाए रखने की सलाह दी है।
अचानकमार टाइगर रिजर्व के बफर जोन में हुई इस घटना के बाद वन विभाग की टीम क्षेत्र में निगरानी और जांच कर रही है। अब विभाग की जांच के बाद यह स्पष्ट होगा कि युवक पर हमला किस वन्यजीव ने किया और क्षेत्र में बाघ की गतिविधि कितनी है।



