गरियाबंद में पेट्रोल, डीजल और रसोई गैस की बढ़ती कीमतों के साथ किसानों को पर्याप्त मात्रा में खाद नहीं मिलने के विरोध में जिला कांग्रेस कमेटी गरियाबंद ने मंगलवार को जोरदार प्रदर्शन किया। कांग्रेस भवन से तिरंगा चौक तक कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने पैदल यात्रा निकालकर केंद्र और राज्य सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
प्रदर्शन में बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता, किसान और आम नागरिक शामिल हुए। हाथों में कांग्रेस के झंडे, तख्तियां और बैनर लेकर कार्यकर्ताओं ने बढ़ती महंगाई, खाद संकट और किसानों की समस्याओं को लेकर सरकार पर निशाना साधा। सुखचंद बेसरा ने कहा कि लगातार बढ़ती महंगाई से आम जनता की कमर टूट चुकी है, वहीं किसानों को खेती के लिए पर्याप्त खाद नहीं मिल पा रही है, जिससे खरीफ सीजन प्रभावित होने की आशंका बढ़ गई है।
वहीं पूर्व मंत्री अमितेश शुक्ला ने आरोप लगाया कि पेट्रोल, डीजल और गैस के दामों में लगातार वृद्धि होने से परिवहन से लेकर दैनिक जरूरत की वस्तुओं तक सब कुछ महंगा हो गया है। दूसरी ओर किसान खाद के लिए दर-दर भटकने को मजबूर हैं। समय पर खाद उपलब्ध नहीं होने से किसानों में भारी नाराजगी है।
पदयात्रा तिरंगा चौक पहुंचने के बाद सभा में तब्दील हो गई, जहां जनक ध्रुव ने सरकार के खिलाफ जमकर हमला बोला। इसके बाद कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने चित्रेश देवांगन को राज्यपाल और कलेक्टर के नाम ज्ञापन सौंपकर पेट्रोल-डीजल एवं गैस की कीमतों में कमी करने तथा किसानों को पर्याप्त मात्रा में खाद उपलब्ध कराने की मांग की।
कांग्रेस नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि जल्द समस्याओं का समाधान नहीं किया गया तो आने वाले दिनों में उग्र आंदोलन किया जाएगा। इस अवसर पर पवन सोनकर, रमेश शर्मा, नीरज ठाकुर, प्रभारी महामंत्री सन्नी मेमन, पुष्पा साहू, लोकेन्द्र कोमर्रा, खेदू नेगी, डॉ. चिराग अली, कमलेश यदु, ओंकार सिंह ठाकुर, सेवन पुजारी, श्रवण सतपथी, सुभाष यादव, कुंजल यादव, मेघराज बघेल, महेश्वर बघेल, जुनैद खान, रमीज़ राजा, राजेश साहू, अमित मिरी, ब्लॉक अध्यक्ष गरियाबंद, प्रेम सोनवानी सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे। प्रदर्शन के दौरान पुलिस बल भी तैनात रहा और पूरे कार्यक्रम में सुरक्षा व्यवस्था दुरुस्त रही।



