नगरी। सिहावा विधानसभा क्षेत्र के बेलरगांव बसस्टैंड में गुरुवार को ब्लॉक कांग्रेस कमेटी बेलरगांव के नेतृत्व में केंद्र एवं राज्य सरकार के खिलाफ जोरदार धरना-प्रदर्शन किया गया। बढ़ती महंगाई, पेट्रोल-डीजल की कीमतों, खाद की कमी और किसानों की समस्याओं को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भाजपा सरकार पर जमकर हमला बोला।
कार्यक्रम में प्रदेश युवा कांग्रेस अध्यक्ष आकाश शर्मा के आगमन पर कार्यकर्ताओं ने ढोल-नगाड़ों और आतिशबाजी के साथ भव्य स्वागत किया। इस दौरान बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता और ग्रामीण मौजूद रहे।
सभा को संबोधित करते हुए आकाश शर्मा ने कहा कि केंद्र में भाजपा सरकार आने के बाद आम जनता लगातार महंगाई और परेशानियों का सामना कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार केवल बड़े उद्योगपतियों के हित में काम कर रही है, जबकि किसान और आम लोग परेशान हैं। उन्होंने कहा कि किसानों को डीजल के लिए लंबी लाइनों में लगना पड़ रहा है और छोटे किसानों को डिब्बों में डीजल तक नहीं मिल पा रहा है।
वहीं पूर्व विधायक लक्ष्मी ध्रुव ने किसानों को खाद की कमी का मुद्दा उठाते हुए कहा कि वर्तमान में किसानों को प्रति एकड़ केवल एक बोरी यूरिया मिल रही है, जिससे खेती करना मुश्किल हो गया है। उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की गौठान योजना का उल्लेख करते हुए कहा कि उस समय जैविक खाद की बेहतर व्यवस्था थी और महिला स्व सहायता समूहों को रोजगार भी मिल रहा था। भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि गौठानों को बंद कर देने से महिलाओं का रोजगार छिन गया और किसानों को जैविक खाद मिलना भी बंद हो गया।
कार्यक्रम में विधायक अंबिका मरकाम सहित दऊ वा देवांगन, मनोज साक्षी, नरेंद्र सोनवानी, राजा देवांगन, प्रेमांशु प्रजापति, प्रमोद कुंजाम, अख्तर खान, वेद राम साहु, आकाश नेताम, राजेंद्र ठाकुर, निर्मल पटेल, दुर्गेश कश्यप, रोशन साहु, मयंक ध्रुव, यशकरण पटेल, अनवर सिद्दीकी, शहजाद मेमन, राजेंद्र पुजारी, दुर्गेश समुद्र, राम कुमार सरोज, सुभाष साहु, शिवनाथ मरकाम, गजेंद्र नेताम, मुकेश कुंजाम, नील कुमार कोडॉपी, संत मरकाम, आत्मा सोरी, बिंदा नेताम, दुर्गेश नंदिनी, तामेश्वरी साहु, अनुसुइया साहु, अभिषेक बंजारे, अरविंद यादव, चैतन्य साहु, लक्ष तिवारी, पिंटू साहु, भावेश चंदनिया, लोकेश्वर साहु, नटवर नेताम, लक्की निर्मलकर, भेपेंद्र कवर, गुलाब साहु, बीरबल नागरची और गोलू देवांगन सहित एनएसयूआई, युवा कांग्रेस, किसान कांग्रेस, सेवादल एवं महिला कांग्रेस के पदाधिकारी और कार्यकर्ता बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।


