गरियाबंद जिले के मैनपुर और देवभोग क्षेत्र में इन दिनों डीजल की भारी किल्लत देखने को मिल रही है। राजधानी रायपुर समेत आसपास के इलाकों में डीजल की कमी का असर अब ग्रामीण क्षेत्रों में भी साफ दिखाई देने लगा है। पेट्रोल पंपों पर सुबह से ही लंबी कतारें लग रही हैं और लोग घंटों इंतजार करने को मजबूर हैं।
स्थिति इतनी गंभीर हो चुकी है कि कई पेट्रोल पंपों पर डीजल पूरी तरह खत्म हो गया है। किसान, वाहन चालक और व्यापारी सबसे ज्यादा परेशान नजर आ रहे हैं। खेती-किसानी के इस महत्वपूर्ण समय में डीजल की कमी से कृषि कार्य प्रभावित हो रहे हैं। ट्रैक्टर, पंप और अन्य कृषि उपकरण बंद पड़ने की स्थिति में पहुंच गए हैं, जिससे किसानों की चिंता बढ़ गई है।
ग्रामीणों का कहना है कि डीजल नहीं मिलने के कारण रोजमर्रा के कामकाज पर भी असर पड़ रहा है। मालवाहक वाहनों की आवाजाही प्रभावित होने से बाजार व्यवस्था पर भी असर दिखाई देने लगा है। कई लोगों को एक पंप से दूसरे पंप तक भटकना पड़ रहा है, लेकिन पर्याप्त मात्रा में डीजल उपलब्ध नहीं हो पा रहा।
वहीं पेट्रोल पंप संचालकों का कहना है कि सप्लाई प्रभावित होने के कारण यह समस्या उत्पन्न हुई है। समय पर टैंकर नहीं पहुंचने से स्टॉक तेजी से खत्म हो रहा है। लोगों की बढ़ती भीड़ और मांग के चलते हालात और ज्यादा बिगड़ते जा रहे हैं।
क्षेत्रवासियों ने प्रशासन से जल्द से जल्द डीजल आपूर्ति सामान्य कराने की मांग की है, ताकि किसानों और आम जनता को राहत मिल सके। यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो आने वाले दिनों में समस्या और गंभीर हो सकती है।


